मोरध्वज आरंग महोत्सव 2026 : मुख्यमंत्री की उपस्थिति में भव्य समापन
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के उद्बोधन में धर्म, संस्कृति और विकास का समन्वय

बल्लूबाज, 16 जनवरी 2026/ राजा मोरध्वज की त्याग, धर्म और सत्यनिष्ठा की गौरवशाली परंपरा को समर्पित मोरध्वज आरंग महोत्सव–2026 का भव्य समापन ऐतिहासिक गरिमा और जनसहभागिता के साथ सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में विधानसभा आरंग के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष पहचान प्रदान की।
इस अवसर पर मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा बागेश्वरनाथ और राजा मोरध्वज की नगरी आरंग प्रभु श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण के चरणों से पावन है। उन्होंने कहा कि त्रेता युग में वनवास के दौरान प्रभु श्रीराम तथा द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के आगमन से यह भूमि धर्म, आस्था और सनातन संस्कृति की प्रतीक बनी। यही कारण है कि आरंग की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना आज भी जनमानस को मार्गदर्शन देती है।

राजा मोरध्वज आरंग महोत्सव के समापन अवसर पर गुरु खुशवंत साहेब ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आरंग का निरंतर और संतुलित विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि धर्म, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में आरंग को विशेष पहचान दिलाने की दिशा में यह महोत्सव एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है, जो भविष्य में क्षेत्रीय विकास के नए द्वार खोलेगी।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा की गई विकास घोषणाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि समोदा उप तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा देना, महोत्सव अनुदान में वृद्धि तथा अधोसंरचना विकास कार्यों को गति देना आरंग क्षेत्र की जनता के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को मजबूती मिलेगी। जिस पर मुख्यमंत्री ने समोदा उप तहसील को तहसील बनाने की घोषणा की।
महोत्सव में कुमार विश्वास सहित देश के नामी कवियों ने अपनी वाणी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर किया। मंत्री जी के प्रयासों से आरंगवासियों को इन कवियों को सुनने का अवसर मिला और सभी प्रसन्न नजर आएं।
समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल, संत गुरु बालकदास साहेब, रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री इंद्रकुमार साहू, मोतीलाल साहू, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, साधु-संत, मातृशक्ति, युवा और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आयोजन समिति को सफल, भव्य और अनुकरणीय आयोजन के लिए बधाई देते हुए प्रदेशवासियों को मोरध्वज आरंग महोत्सव–2026 की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की।
