Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

महिला से छेड़छाड़ और नाबालिग से दुष्कर्म, पुलिस के हत्थे चढ़े 9 आरोपी

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म और 35 वर्षीय महिला से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक नाबालिग है। मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार नारायणपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले प्रार्थी ने नारायणपुर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि उसकी 35 वर्ष की भतीजी और 13 वर्ष की बेटी नारायणपुर क्षेत्र अंतर्गत ही एक गांव में मेहमानी में गए हुए थे और 17 फरवरी को मेहमानी से वापस अपने गृहग्राम लौट रहे थे। इसी दौरान शाम को रास्ते में एक चौक के पास नौ लड़कों ने भतीजी और नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ की। प्रार्थी की भतीजी डरकर भाग कर घर आ गई। वह प्रार्थी को घटना के संबंध में बताई, जिस पर प्रार्थी अपनी भतीजी को लेकर घटना स्थल पर गया। प्रार्थी ने अपनी लड़की को आवाज दी। प्रार्थी और उसकी भतीजी को आता देख आरोपी घटना स्थल से भाग गए।

इसके बाद प्रार्थी अपनी 13 साल की नाबालिग बेटी को लेकर घर आ गया। घटना के दो दिनों के बाद नाबालिग बेटी ने घर वालों को पूछने पर बताया कि घटना के दिन एक आरोपी ने उसे कुछ दूरी पर ले जाकर जमीन पर पटक कर दुष्कर्म किया है और अन्य आरोपी कुछ दूरी पर खड़े होकर घटना को देख रहे थे। जब गांव वालों को इस घटना के संबंध में पता चला तो आरोपियों ने प्रार्थी को पैसा देकर मामले को दबाने की बात करते हुए थाना नहीं जाने व जान से मारने की धमकी दी।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना नारायणपुर में विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीकृत कर मामला विवेचना में लिया गया। एसएसपी डॉक्टर लाल उम्मेद सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया। चारों टीमों ने मामले से जुड़े सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक 17 वर्षीय नाबालिग भी है। आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपी

  • मुख्य आरोपी – नीरज लकड़ा उम्र 23 वर्ष
  • समीर मिंज उम्र 28 वर्ष
  • तेलेस्फोर मिंज उम्र 40 वर्ष
  • आनंद मिंज 38 वर्ष
  • रितेश कुमार टोप्पो उम्र 29 वर्ष
  • सुनीत तिर्की उम्र 30 वर्ष
  • अविनाश तिर्की उम्र 25 वर्ष
  • सत्या मिंज उम्र 24 वर्ष
  • 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *