Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ को नई हवाई सौगात: रायपुर से रीवा के लिए फ्लाइट 17 मार्च से

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में रहने वाले बघेलखंड के रहवासियों के लिए सौगात के तौर पर रायपुर से रीवा के बीच हवाई सेवा शुरू की जा रही है. 17 मार्च से शुरू होने वाली एलायंस एयर की इस सेवा की पहली फ्लाइट में मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रीवा से रायपुर आ रहे हैं.

मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी प्रवास कार्यक्रम में बताया गया है कि राजेंद्र शुक्ल रीवा से शाम 5 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे, जो शाम 6.15 बजे रायपुर पहुंचेंगे. एयरपोर्ट से शाम 7 बजे वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर के लिए रवाना होंगे. मंदिर में प्रभु श्रीराम के दर्शन पश्चात शाम 7.35 बजे क्वींस क्लब में आयोजित विंध्य समाज के सम्मान समारोह में शामिल होंगे. रात में 9.35 बजे सैल्स टैक्स कॉलोनी पहुंचेंगे, जहां संजीव तिवारी के निवास पर रात्रि भोज करेंगे. रात्रि विश्राम के पश्चात अगले दिन सुबह 10.15 बजे नालंदा परिसर का अवलोकन करेंगे.

सुबह 11.15 बजे शंकर नगर स्थित स्पीकर हाउस में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सौजन्य मुलाकात करेंगे. दोपहर 12.05 बजे पहुना गेस्ट हाउस में विंध्य क्षेत्र के नागरिकों से मुलाकात करेंगे. दोपहर 2.20 बजे रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे. दोपहर 3.15 बजे रायपुर एयरपोर्ट से भोपाल के लिए रवाना होंगे. दोपहर 4.35 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचने के बाद निज निवास के लिए रवाना होंगे.

मध्यप्रदेश का तीसरा शहर बना रीवा

मध्यप्रदेश का रीवा शहर तीसरा शहर है, जहां के लिए छत्तीसगढ़ से हवाई सेवा शुरू की जा रही है. इसके पहले भोपाल और इंदौर के लिए पहले ही हवाई सेवा उपलब्ध है. नई फ्लाइट के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है. बताया जा रहा है कि रायपुर से रीवा के लिए ₹3,614 और रीवा से रायपुर के लिए ₹4,293 किराया तय किया गया है. सीटों की उपलब्धता और डिमांड के अनुसार किराया बढ़-घट सकता है.

उड़ानों का शेड्यूल

एलायंस एयर की ओर से फिलहाल यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन – मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी. यात्रियों की संख्या और मांग बढ़ने पर एयरलाइन इस सेवा में और उड़ानों का समावेश कर सकती है.

फ्लाइट मार्ग

एयरलाइन के अनुसार, दिल्ली से आने वाली फ्लाइट रीवा में रुकेगी और उसके बाद रायपुर के लिए रवाना होगी. इसी तरह, रायपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट पहले रीवा में रुकेगी और फिर दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *