Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

कांग्रेस भवन को अखाड़ा बनाने पर निपटे जिला उपाध्यक्ष, पार्टी ने छह साल के लिए किया निष्कासित…

महासमुंद। दो दिन पहले कांग्रेस भवन में पूर्व ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद और कांग्रेस कार्यकर्ता निर्मल जैन के बीच मारपीट करना जिला उपाध्यक्ष विजय साव को भारी पड़ गया. महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने अनुशासनहीनता पर विजय साव को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है.

महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव की ओर से जारी आदेश में 2 मार्च को पार्टी कार्यालय में हुई मारपीट की घटना को अनुशासनहीनता बताते हुए कहा कि यह न केवल पार्टी की विचारधारा के विपरित है, बल्कि इस हरकत से पार्टी की छवि को गंभीर क्षति पहुंची हैं. यही नहीं कारण बताओ सूचना का भी समयावधि में जवाब नहीं दिया गया. जिस पर पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया जाता है.

बता दें कि गुरुवार को कांग्रेस भवन में दोपहर 2 बजे महंगाई को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने पत्रकार वार्ता आयोजित की थी. पत्रकार वार्ता के बाद सभी पत्रकार कांग्रेस भवन से चले गए. इसके बाद पत्रकार वार्ता की पार्टी पदाधिकारियों को सूचना सही से नहीं दिए जाने को लेकर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद विजय साव की ढेलू निषाद और निर्मल जैन के बीच बहस होने लगी.

विवाद इतना बढ़ा कि वहां रखे प्लास्टिक की कुर्सी उठाकर एक-दूसरे पर वार करने लगे. इस मारपीट में विजय साव, ढेलू निषाद और निर्मल जैन के कपड़े फट गए. वहां मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया. इस बीच लोगों ने पुलिस बुला लिया, जिसने बीच-बचाव करते हुए माहौल को शांत किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *