Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

साय कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक 15 अप्रैल को

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे से लौटते ही राज्य में बड़े फैसलों की आहट सुनाई देने लगी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने 15 अप्रैल 2026 को मंत्रिपरिषद की अहम बैठक बुला ली है, जिसे साय सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

यह बैठक राजधानी रायपुर के नया रायपुर स्थित महानदी भवन में आयोजित की जाएगी। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कैबिनेट बैठक सुबह 11:30 बजे मंत्रालय के मंत्रिपरिषद कक्ष एम-5/20 में शुरू होगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में राज्य सरकार के सभी मंत्री शामिल होंगे।

इस बैठक को खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि हाल ही में मुख्यमंत्री साय ने दिल्ली में नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने राज्य के विकास, खासकर बस्तर क्षेत्र के लिए एक विस्तृत रोडमैप प्रस्तुत किया था। माना जा रहा है कि अब उसी रोडमैप को लागू करने की दिशा में राज्य स्तर पर ठोस निर्णय लिए जा सकते हैं।

विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र के विकास को लेकर इस बैठक में बड़े प्रस्ताव सामने आ सकते हैं। नक्सल प्रभाव कम होने के बाद सरकार अब वहां बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में मानसून से पहले की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। किसानों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने, सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को गति देने जैसे मुद्दे एजेंडे में शामिल हो सकते हैं।

इसके अलावा, प्रशासनिक स्तर पर भी कुछ बड़े बदलावों की संभावना जताई जा रही है। मंत्रालय के भीतर कसावट लाने और सरकारी कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने के लिए फेरबदल जैसे फैसले लिए जा सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपने दिल्ली दौरे से जो विजन लेकर लौटे हैं, उसे लागू करने के लिए कुछ सख्त निर्णय ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *