Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

झुलसाती गर्मी में ट्रांसफॉर्मर भी बेहाल, रायपुर में ठंडा रखने कूलर का सहारा

रायपुर। भारत की झुलसाती गर्मी का असर अब सिर्फ लोगों तक ही सीमित नहीं रहा, अब बिजली के ट्रांसफॉर्मर भी इस गर्मी से पसीना-पसीना हो गए हैं। प्रदेश में राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, वहीं मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया है। तेज गर्मी के चलते बिजली उपकरणों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए बिजली विभाग ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

बता दें कि शहर के सिविल लाइन स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में लगे ट्रांसफॉर्मर को ठंडा रखने के लिए कूलर लगाया गया है, ताकि अत्यधिक तापमान के कारण ट्रांसफॉर्मर ओवरहीट न हो।

दरअसल, जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है, वैसे-वैसे बिजली की खपत भी आसमान छू रही है। इससे ट्रांसफॉर्मरों पर लोड बढ़ता है और वे ज्यादा गर्म हो जाते हैं। गर्मी के कारण कई बार वोल्टेज लो हो जाता है और ट्रांसफॉर्मर ट्रिप या फट भी सकते हैं। ऐसे में आग लगने और बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा बढ़ जाता है। इसी जोखिम को कम करने के लिए यह प्रयोग किया गया है, जिससे ट्रांसफॉर्मर का तापमान नियंत्रित रखा जा सके।

बिजली विभाग के इस कदम को गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना के मद्देनजर विभाग अन्य जरूरी इंतजाम भी करने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *