Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

रायपुर में टैंकर से गंदे पानी की सप्लाई, निगम ने ठेकेदार पर लगाया जुर्माना

रायपुर। शहर के नगर निगम जोन-9 क्षेत्र में टैंकर के जरिए गंदे पानी की सप्लाई का मामला सामने आने के बाद निगम प्रशासन ने एक्शन लिया है। संबंधित ठेकेदार पर जुर्माना लगाया गया है और सभी टैंकर संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जानकारी के अनुसार, वार्ड पार्षद द्वारा गंदे पानी की सप्लाई की सूचना दिए जाने के बाद नगर निगम अमले ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। स्थिति को देखते हुए संबंधित टैंकर को तुरंत बदलकर साफ पानी की सप्लाई सुनिश्चित की गई।

मामले में सफाई देते हुए रायपुर नगर पालिक निगम जोन-9 के जोन कमिश्नर ने जानकारी दी है कि टैंकर से गंदे पानी की सप्लाई के संबंध में चलाया जा रहा टैंकर निजी ठेकेदार द्वारा सप्लाई कार्य में लगा हुआ था, जिसका अनुबंध दिनांक 17 अप्रैल 2026 को किया गया है। ठेकेदार के अनुसार संबंधित टैंकर नया था तथा टैंकर की सफाई न होने के कारण यह स्थिति निर्मित हुई। वार्ड पार्षद द्वारा सूचना उपरांत टैंकर को तत्काल बदलकर साफ पानी का टैंकर सप्लाई कर दिया गया एवं ठेकेदार पर जुर्माना लगाया गया।

जोन कमिश्नर ने बताया कि सभी ठेकेदारों की बैठक बुलाकर निर्देश दिए गए हैं कि टैंकर भरने के बाद पानी का परीक्षण कर ही सप्लाई की जाए। अन्यथा की स्थिति में अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *