Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

प्राचार्यों की दो दिवसीय कार्यशाला “प्रोजेक्ट सेकंड इनिंग” का शुभारंभ

रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह द्वारा जुलाई 2025 में प्रारंभ किए गए “प्रोजेक्ट सेकंड इनिंग” के अंतर्गत सेवन सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति दिनांक को ही समस्त स्वत्वों का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में जिला प्रशासन रायपुर द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर की अग्रणी भूमिका में रायपुर जिले के समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों एवं प्राचार्यों के लिए “प्रोजेक्ट सेकंड इनिंग”  जिला स्तरीय दो दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यशाला 27 एवं 28 अप्रैल 2026 को भिलाई इन्स्टीट्यूट ऑफ टेक्नालॉजी, केन्द्री, अभनपुर, जिला रायपुर में प्रातः 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होगी।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस 27 अप्रैल को संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा, संभाग रायपुर संजीव श्रीवास्तव ने समस्त प्राचार्यों को अपनी शालाओं में समस्त अभिलेखों का संधारण एवं अद्यतन स्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर हिमांशु भारतीय ने शाला प्रबंधन एवं विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए प्राचार्यों की कठिनाइयों को सुना और उनके प्रश्नों के उत्तर  दिए।

कार्यशाला में वरिष्ठ लेखा परीक्षक, लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर अमर सिंह बिसेन द्वारा कार्यालयीन कार्य के अंतर्गत अवकाश नियम, पेंशन नियम, सेवानिवृत्ति पश्चात स्वत्वों के भुगतान, यात्रा भत्ता नियम, बजट, एम.ई.आर. आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बी.आई.टी. केन्द्री के प्राचार्य आर.के. मिश्रा, जिले के समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी स्कूल के प्राचार्य तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रायपुर से मुख्य लिपिक संजय श्रीवास, टीपेन्द्र बैस, तरूण कुमार साहू, दीपक नायडू, अभिनव श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *