Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

नक्सल मुक्त होने के बाद मोहला-मानपुर में पहली बार हुई आईजी की रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक

मोहला-मानपुर। राजनांदगांव पुलिस रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बालाजी राव ने मोहला-मानपुर जिले में रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में बेहतर पुलिसिंग, नवाचारों के क्रियान्वयन, लंबित प्रकरणों के निराकरण, तकनीक आधारित जनोन्मुखी पुलिसिंग तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान रेंज के चार जिलों राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कबीरधाम और मोहला-मानपुर के पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।

स्थानीय पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर में आयोजित बैठक में नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में बेसिक पुलिसिंग को सुदृढ़ करने, लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण तथा पुलिस कार्यप्रणाली में नवाचारों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान चारों जिलों के एसपी ने अपने-अपने जिलों में संचालित नवाचारों का प्रेजेंटेशन दिया। दूसरी ओर, आईजी ने बेहतर नवाचारों को आवश्यकता अनुसार सभी जिलों में लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में आईजी बालाजी राव ने लंबित अपराधों, शिकायतों, सीएम हेल्पलाइन 1076, CCTNS प्रशिक्षण, रेडियो कम्युनिकेशन सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी जिलों की कानून-व्यवस्था का जायजा लिया तथा पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दरमियान मोहला-मानपुर जिले की डिस्ट्रिक्ट प्रोफाइल बुक का भी आला अधिकारियों द्वारा विमोचन किया गया। वहीं बैठक के बाद मोहला-मानपुर कलेक्टर तूलिका प्रजापति की मौजूदगी में आईजी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने रक्षित केंद्र में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

समीक्षा बैठक में राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, खैरागढ़ की पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह तथा मोहला-मानपुर के पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह सहित चारों जिलों के अन्य राजपत्रित पुलिस अधिकारी शामिल रहे।

बता दें कि नक्सल मुक्त घोषित होने के बाद पहली बार मोहला-मानपुर जिले में रेंज स्तरीय बड़ी बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूरे रेंज में बेहतर कानून-व्यवस्था कायम रखने की रणनीति पर चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *