
रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज रेडक्रॉस सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। उन्होंने राजस्व विभाग को निर्देशित किया कि अविवादित खाता विभाजन, अभिवादित/अविवादित नामांतरण के दर्ज मामलों का शीघ्र निराकरण करें। साथ ही किसान पंजीयन और पीजी पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के तहत हर विभाग को यह जिम्मेदारी दी जाएगी कि विभाग अपनी एक टीम बनाएं और अपने आस-पास स्थित पौधों के चारों ओर लगे कांक्रीट या जालीदार घेराव (ट्री गार्ड) को हटाएं, जिससे पौधों को नया जीवन मिल सके।
बैठक में उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर आईडी (फार्मर रजिस्ट्री) सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की। पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने ग्रामीण स्तर तक इसके क्रियान्वयन के लिए प्रभावी रणनीति बनाने को कहा। इसके साथ ही अंतर विभागीय एनओसी के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर एवं एडीएम उमाशंकर बंदे सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
