Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
खेलछत्तीसगढ़

मास्टर्स हॉकी कप 2026: छत्तीसगढ़ की बेटियों का जलवा, सेमीफाइनल में महाराष्ट्र को 2-1 से दी मात, फाइनल में बनाई जगह

रायपुर। मास्टर्स हॉकी कप 2026 में छत्तीसगढ़ की महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम ने अपने बेहतरीन खेल, मजबूत तालमेल और आक्रामक रणनीति के दम पर लगातार दो मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

हिमाचल प्रदेश को 6-0 से रौंदा

कल हुए प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने हिमाचल प्रदेश को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से करारी शिकस्त दी। मैच की शुरुआत से ही छत्तीसगढ़ की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा। छत्तीसगढ़ की ओर से दीपिका, ललिता, अंकिता, बबली, योजना और रुचि ने एक-एक गोल कर टीम को शानदार जीत दिलाई।

महाराष्ट्र को 2-1 से हराकर फाइनल में किया प्रवेश

इसके बाद आज खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने महाराष्ट्र को 2-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन छत्तीसगढ़ की खिलाड़ियों ने शानदार संयम और टीमवर्क का परिचय देते हुए निर्णायक बढ़त हासिल की। दीपिका और ललिता ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

छत्तीसगढ़ की महिला खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान अपने अनुशासन, फिटनेस, अनुभव और टीम भावना का शानदार परिचय दिया है। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन तालमेल और हर परिस्थिति में एक-दूसरे का साथ देने की भावना टीम की सफलता की प्रमुख वजह रही है।

लगातार दो शानदार जीत के बाद अब छत्तीसगढ़ की नजर मास्टर्स हॉकी कप 2026 के खिताब पर है। फाइनल मुकाबले में भी टीम इसी आत्मविश्वास और जज्बे के साथ मैदान में उतरने के लिए तैयार है। प्रदेश के खेलप्रेमियों को उम्मीद है कि छत्तीसगढ़ की बेटियां फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम करेंगी।

छत्तीसगढ़ की टीम में शामिल खिलाड़ी

मास्टर्स हॉकी कप 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम में मोनिका वैरागड़े, दीपिका वैरागड़े, सविता चंद्राकर, शोभा वार्टी, सुरेखा यादव, ललिता, सुरभि मरकाम, आरती सेढे, अंकिता पांडे, योजना, रुचि, बबली कुमारी, हेमलता एवं सुमन शामिल हैं। टीम की इस उपलब्धि ने न केवल प्रदेश की महिला हॉकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *