ग्राम छटेरा बनेगा आदर्श कृषि ग्राम, सरसों तेल प्रसंस्करण इकाई की होगी स्थापना

रायपुर। जिले के विकासखंड आरंग के ग्राम छटेरा को समग्र एवं आत्मनिर्भर आदर्श कृषि ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए कृषि उत्पादन बढ़ाने, फसल विविधीकरण, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन ने ग्राम छटेरा में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और किसानों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में ग्राम छटेरा में सरसों की खेती को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी सुनिश्चित करने और स्थानीय स्तर पर सरसों तेल प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने पर सहमति बनी। इससे किसानों को उपज का मूल्य संवर्धन करने और अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
क्षेत्र की जलवायु और मिट्टी की अनुकूलता को देखते हुए परंपरागत खेती के साथ नकदी फसलों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। इसके तहत चना, मखाना और पाम ऑयल की व्यावसायिक खेती की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। चना उत्पादन बढ़ाने के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन देंगे।
ग्राम छटेरा को कृषि उत्पादन के साथ कृषि पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना भी बनाई जा रही है। इसके लिए उद्यानिकी फसलों का विस्तार करने और ग्रामीण जल स्रोतों में वैज्ञानिक पद्धति से मत्स्य पालन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। इन गतिविधियों से ग्रामीणों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। किसानों ने बंदरों और जंगली सूअरों से फसलों को होने वाले नुकसान की समस्या उठाई। इस पर सीईओ ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कुमार बिश्वरंजन ने कहा कि ग्राम छटेरा को आदर्श कृषि ग्राम बनाने के लिए विभिन्न विभागों की योजनाओं का एकीकृत और समन्वित क्रियान्वयन जरूरी है। उन्होंने कृषि, उद्यानिकी और आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में पशु चिकित्सा सेवाएं के संयुक्त संचालक शंकर लाल उईके सहित कृषि, उद्यानिकी, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और जनपद पंचायत आरंग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे।
