Home
🔍
Search
➕
Add
E-Magazine
क्राइमछत्तीसगढ़

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, 8 साल बाद आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुरानी भिलाई पुलिस ने करीब 8 साल पुराने मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने संभाग आयुक्त कार्यालय, दुर्ग में चपरासी के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर दो लोगों से कुल पांच लाख रुपये लिए थे। रकम लेने के बाद न तो नौकरी लगवाई और न ही पैसे वापस किए।

दरअसल, मामला वर्ष 2018 का है। डाक बंगला, पुरैना निवासी डी. सत्य साईं ने पुरानी भिलाई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि आरोपी शमीम खान ने संभाग आयुक्त कार्यालय में चपरासी के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। आरोपी की बातों में आकर प्रार्थी और उसके परिचित सीएच बैकुंठ राव ने उसे कुल पांच लाख रुपये दे दिए।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान यूनियन बैंक का बैंक स्टेटमेंट, पैसों के लेन-देन से जुड़ा वीडियो और लोन से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए। इन दस्तावेजों और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि की।

आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, पुलिस टीम ने आरोपी शमीम खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने रकम लेने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किसी को भी रकम देने से पहले संबंधित विभाग और नियुक्ति प्रक्रिया की पूरी तरह पुष्टि करें। नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *