Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
क्राइमछत्तीसगढ़

चाकूबाजी से सनसनी: गर्लफ्रेंड के साथ घूम रहे युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कश्मीरी पारा में हुए चर्चित मर्डर केस की गूंज अभी शांत भी नहीं हुई थी कि शहर में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आ गई। इस बार क्रॉस पहाड़ी में युवती मित्र के साथ घूम रहे एक युवक पर प्रेम-प्रसंग के विवाद में चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने डोंगरगढ़ थाना प्रभारी समेत दो आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया है।

प्रेम-प्रसंग को लेकर शुरू हुआ विवाद बना हिंसक

जानकारी के मुताबिक, 2 अगस्त की शाम करीब 7 बजे आर्यन तिवारी अपनी युवती मित्र के साथ क्रॉस पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद था। इसी दौरान महावीर पारा निवासी विक्रम कुल्लू (19) वहां पहुंचा। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक हो गया। आरोप है कि विक्रम ने पहले गाली-गलौज और मारपीट की, फिर धारदार चाकू निकालकर आर्यन के पेट पर वार कर दिया।

हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल आर्यन को तत्काल डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल, पेंड्री (राजनांदगांव) रेफर किया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेज दिया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस हरकत में आ गई।साइबर थाना राजनांदगांव की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी विक्रम कुल्लू को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2) और 109 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

शहर में बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं से बढ़ी चिंता

डोंगरगढ़ में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कुछ दिन पहले कश्मीरी पारा में हुए चाकू हमले में एक युवक की मौत हो गई थी। अब दूसरी बड़ी वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *