Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

SECR पहले नंबर पर कायम, 355 दिन में 29,493.59 करोड़ की कमाई का बनाया नया रिकॉर्ड

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भारतीय रेलवे में अपने नंबर वन की स्थिति काे बरकरार रखा है। जोन ने बेहतर प्रबंधन के चलते वित्तीय वर्ष समाप्त होने के 10 दिन पहले ही यानी 355 दिन में 21 मार्च को 29,493.59 करोड़ रुपए का सर्वाधिक ऑरिजिनेटिंग फ्रेट रेवेन्यू (मूल माल राजस्व) अर्जित करके नया कीर्तिमान बनाया है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में माल ढुलाई में अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारतीय रेल में सर्वाधिक ऑरिजिनेटिंग फ्रेट रेवेन्यू अर्जित करने वाला जोन बनकर उभरा है। इस वित्तीय वर्ष में भारतीय रेल के कुल माल राजस्व में इसका 17.13% का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। साथ ही गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में 3.6% (1026 करोड़ रुपए ) की वृद्धि दर्ज की है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 20 मार्च को मात्र 354 दिनों में अब तक का सर्वाधिक एनटीकेएम (नेट टन किलोमीटर) में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। यह उपलब्धि भी पिछले वर्ष की तुलना में 11 दिन पहले प्राप्त की गई है। 22 मार्च तक 146.75 बिलियन एनटीकेएम (नेट टन किलोमीटर) का अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा प्राप्त कर भारतीय रेल में प्रथम स्थान हासिल किया है। साथ ही पिछले वर्ष की तुलना में 5.4 बिलियन नेट टन किलोमीटर (3.8%) की वृद्धि की है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में अधोसंरचना विकास के काम भी तेजी से किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत कई महत्वपूर्ण रेल खंडों में तीसरी एवं चौथी रेल लाइनों की कमीशनिंग की गई है। इससे माल यातायात को सुगम बनाने के साथ-साथ समयबद्धता में भी सुधार हुआ है। यह उपलब्धि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, कुशल संचालन, उन्नत प्रबंधन प्रणाली एवं माल ढुलाई में निरंतर सुधार का परिणाम है।

यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन भी चलवाई

एसईसीआर में माल यातायात के साथ-साथ यात्रियों की सुविधा को भी समान प्राथमिकता दी जा रही है। त्योहारों, छुट्टियों एवं विशेष अवसरों पर होने वाली अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को आरक्षित बर्थ एवं सीट उपलब्ध कराने विशेष ट्रेनें भी चलवाई गई। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के निर्देशन एवं प्रोत्साहन से ये उपलब्धियां मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *