Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा अवसर, लेखा प्रशिक्षण सत्र 2026 के लिए 1 मई से शुरू होंगे आवेदन, जानें पात्रता और प्रक्रिया

रायपुर। संचालनालय कोष, लेखा एवं पेंशन, छत्तीसगढ़ द्वारा वर्ष 2026 के लेखा प्रशिक्षण सत्र (जुलाई 2026 से अक्टूबर 2026) के लिए आवेदन प्रक्रिया की घोषणा कर दी गई है। यह प्रशिक्षण विशेष रूप से लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिससे उन्हें वित्तीय एवं लेखा संबंधी कार्यों में दक्ष बनाया जा सके।

जारी आदेश के अनुसार, आगामी लेखा प्रशिक्षण सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 मई 2026 से शुरू होगी। इच्छुक कर्मचारियों से 29 मई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। निर्धारित अवधि के पूर्व या बाद में प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। केवल निर्धारित प्रारूप में भरे गए आवेदन ही मान्य होंगे।

प्राचार्य, शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस प्रशिक्षण के लिए वही लिपिक वर्गीय कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने कम से कम 3 वर्ष की नियमित सेवा पूर्ण कर ली हो। आवेदन संबंधित कार्यालय प्रमुख के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र में भेजना अनिवार्य होगा।

सभी आवेदन पत्र 29 मई 2026 तक कार्यालयीन समय में शासकीय लेखा प्रशिक्षण शाला, नगर घड़ी चौक, रायपुर में जमा हो जाना चाहिए। साथ ही आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना भी जरूरी होगा।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आवेदन उसी प्रशिक्षण सत्र के लिए मान्य होगा, जिसके लिए वह जमा किया गया है। पुराने प्रारूप के आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

आवेदन का निर्धारित प्रारूप और आवश्यक निर्देश रायपुर संभाग के सभी जिला कोषालयों के सूचना पटल पर उपलब्ध हैं, जहां से अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *