नन्हीं काव्या के इलाज के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल, हरसंभव सहायता के निर्देश,ब्लड कैंसर से जूझ रही तीन वर्षीय मासूम के उपचार के लिए कलेक्टर ने उपलब्ध कराई एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने एम्स के चिकित्सकों से की चर्चा, 24 घंटे पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष ड्यूटी

डेस्क रिपोर्टर रायपुर, 19 नवंबर 2026/
ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही तीन वर्षीय मासूम काव्या पटेल के बेहतर उपचार के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने संवेदनशील पहल की है। मुख्यमंत्री ने एम्स रायपुर के चिकित्सकों को बच्ची का बेहतर से बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह को काव्या के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी करने और परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से काव्या के पिता को एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
रायगढ़ जिले की निवासी तीन वर्षीय काव्या पटेल एक्यूट माइलॉइड ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) से पीड़ित है। उसे 15 नवंबर को एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया था। वर्तमान में बच्ची की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उसका उपचार जारी है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से काव्या के उपचार के लिए एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। मुख्यमंत्री ने बच्ची के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए जिला प्रशासन को परिवार के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 18 नवंबर को एम्स रायपुर के चिकित्सकों से चर्चा कर काव्या की स्वास्थ्य स्थिति एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और बच्ची के स्वास्थ्य की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया कि काव्या की देखभाल के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अलग से पैरामेडिकल स्टाफ की 24 घंटे विशेष ड्यूटी लगाई गई है। एम्स के चिकित्सकों के साथ समन्वय स्थापित कर बच्ची को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मासूम काव्या के उपचार में हरसंभव सहयोग सुनिश्चित कर रहे हैं। शासन-प्रशासन इस कठिन समय में बच्ची के परिवार के साथ खड़ा है।
