Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

अंबिकापुर हत्याकांड: गरीब महिला की हत्या के बाद अमानवीय कृत्य, पुलिस जांच तेज

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में हाल ही में हुई महिला की निर्मम हत्या के मामले में एक अहम खुलासा हुआ है। मृतिका की पहचान गंगापुर निवासी 45 वर्षीय महेन्द्रों बाई के रूप में की गई है, जो बेहद गरीब परिवार से थीं और कचरा बीनकर अपना जीवनयापन करती थीं।

यह घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। महिला की हत्या जिस बर्बरता से की गई, उसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। हत्या के बाद महिला के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने की जानकारी सामने आई, जिससे इस अपराध की गंभीरता और बढ़ गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला ही कि महिला के प्राइवेट पार्ट में बोतल डाल दी गयी थी।

पुलिस ने जांच बढ़ाई और पहचान होने के बाद पुलिस ने मृतिका के परिजनों की तलाश की। जांच में सामने आया कि परिवार अत्यंत गरीब है और बुनियादी जरूरतों के लिए भी संघर्ष कर रहा है। मृतिका के बेटे ने आर्थिक तंगी के चलते अंतिम संस्कार करने में असमर्थता जताई।

इस बीच एक सामाजिक पहल ने मानवता की मिसाल पेश की।अनोखी सोच नामक संस्था ने आगे आकर मृतिका के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उठाई। संस्था की टीम ने मृतिका के बेटे के साथ मिलकर गंगापुर स्थित मुक्तिधाम में पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार कराया। इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

घटना के बाद पूरे सरगुजा संभाग में आक्रोश का माहौल है। लोग आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी देने की मांग कर रहे हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *