Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
क्राइमछत्तीसगढ़

अंधविश्वास में हैवान बना युवक: जादू-टोना के शक में वृद्ध महिला की डंडे से पीट-पीटकर की हत्या, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के गितारीपानी गांव में शुक्रवार रात एक भयावह घटना ने गांववालों को झकझोर दिया। जहां अंधविश्वास के चलते 71 वर्षीय वृद्ध महिला फूलमइत बाई की एक युवक ने लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार आरोपी पहाड़ी कोरवा छंदनू राम (उम्र 31 वर्ष), पिता मंगरू अपने बच्चों के बार-बार बीमार होने के शक में वृद्ध महिला पर जादू-टोना करने का आरोप लगा बैठा था। इसी अंधविश्वास और शक ने उसे हैवान बना दिया और उसने महिला की हत्या कर दी।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मृतिका रात में खाना खाकर अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसके सिर और चेहरे पर कई बार डंडे से वार किए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना शनिवार सुबह मिलते ही बगीचा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह के निर्देश पर, एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार और एसडीओपी दिलीप कोसले के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

बगीचा एसडीओपी दिलीप कोसले ने बताया कि आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। यह जघन्य घटना इलाके में डर का माहौल पैदा कर गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *