रायपुर प्रयास आवासीय विद्यालयों ने रचा सफलता का कीर्तिमान, 8 विद्यार्थी मेरिट सूची में शामिल
बोर्ड के परिणाम घोषित, एक छात्रा ने प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर बढ़ाया मान

डेस्क रिपोर्टर, 29 अप्रैल 2026… रायपुर
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम अर्जित करते हुए रायपुर जिले को गौरवान्वित किया है। माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल परीक्षा की प्रावीण्य सूची में जिले के प्रयास विद्यालयों के कुल 08 विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त किया है, जिनमें 06 बालक एवं 02 बालिकाएं शामिल हैं।
रायपुर जिले में वर्तमान में प्रयास आवासीय विद्यालय सड्डू (बालक), गुढ़ियारी (बालिका), अनुसूचित जाति नवीन गुढ़ियारी (बालिका) तथा ओबीसी प्रयास आवासीय विद्यालय सड्डू (बालक) का संचालन किया जा रहा है। इन सभी संस्थानों के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए राज्य की टॉप-10 मेरिट सूची में अपनी जगह बनाई है।
विशेष रूप से जिले की एक छात्रा ने पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रायपुर और विभाग का गौरव बढ़ाया है।
यह सफलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन, प्रतिस्पर्धी परीक्षा की बेहतर तैयारी और विद्यार्थियों के निरंतर परिश्रम का परिणाम है। प्रयास आवासीय विद्यालय अब प्रदेश में शैक्षणिक उत्कृष्टता के केंद्र के रूप में उभर रहे हैं।
