Home
🔍
Search
➕
Add
E-Magazine
Breaking NewsRaipur

रायपुर को मिले पांच अभिनव प्रोजेक्ट्स, मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ..

डेस्क रिपोर्टर, 25 अगस्त/ राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों की अभिनव पहल के तहत तैयार पांच महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ किया। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में तैयार ‘हरित पोषणम्’, ‘प्रोजेक्ट निरामय’, ‘तिरंगा शक्ति फेस्ट’, ‘प्रोजेक्ट अहिगुण्डिकः’ और ‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ जिले में नवाचार, जनभागीदारी और समावेशी विकास की नई दिशा तय करेंगे।

 

पोषण से हरियाली तक—‘हरित पोषणम्’

‘हरित पोषणम्’ के माध्यम से आंगनबाड़ियों और महिला समूहों को फलदार पौधे एवं सब्जियों के उन्नत बीज उपलब्ध कराकर पोषण वाटिकाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ेगी और महिलाएं एवं समुदाय पोषण अभियान से सीधे जुड़ेंगे।

65 हजार से अधिक विद्यार्थियों की होगी स्वास्थ्य जांच

‘प्रोजेक्ट निरामय’ के तहत रायपुर जिले के 215 उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत 65 हजार 920 छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य एवं रक्त जांच की जाएगी। जांच के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्या सामने आने पर विद्यार्थियों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

हर माह गूंजेगा राष्ट्रभाव और सामाजिक सरोकार

‘तिरंगा शक्ति फेस्ट’ के जरिए रायपुर में प्रत्येक माह सामाजिक समरसता, संस्कृति, सुशासन, युवा नेतृत्व और राष्ट्रभावना से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह पहल युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का प्रभावी मंच बनेगी।

 

‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ में सामने आएंगी प्रेरक कहानियां

‘रायपुर अनफिल्टर्ड’ पॉडकास्ट के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठित हस्तियों, कलाकारों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों के जीवन, अनुभव और विचारों को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रदेश की प्रेरक कहानियों और प्रतिभाओं को एक नए डिजिटल मंच पर सामने लाना है।

 

सौंरा (सपेरा) समुदाय को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल

‘प्रोजेक्ट अहिगुण्डिकः’ के माध्यम से जिले के सौंरा (सपेरा) समुदाय के पात्र परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक दस्तावेजों का लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, जॉब कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से पात्र परिवारों को जोड़ा जाएगा।

 

इन पांचों अभिनव प्रोजेक्ट्स के जरिए स्वास्थ्य, पोषण, संस्कृति, युवा सहभागिता और सामाजिक समावेशन को एक साथ गति मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के नेतृत्व में रायपुर जिला प्रशासन की ये पहल ‘नवाचार से जनकल्याण’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *