मौत के बाद भी जिंदगी बचाएगा शरीर, विधायक अनुज शर्मा ने अंगदान, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सपत्नीक सहित देहदान का लिया संकल्प
जिले के अन्य अधिकारियों ने लिया देहदान का संकल्प, 31 लोग

रायपुर, डेस्क रिपोर्टर/
राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित आयुर्वेद सम्मेलन के दौरान मानव सेवा की अनूठी पहल सामने आई। जिला प्रशासन की ओर से संचालित ‘प्रोजेक्ट दधीचि’ के तहत विधायक अनुज शर्मा ने सपत्नीक अंगदान, जबकि कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और उनकी पत्नी श्रीमती सुनीता सिंह सहित अधिकारी ने देहदान का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में संकल्प पत्र भरकर लोगों ने मृत्यु के बाद भी समाज के काम आने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में आयुष विभाग के संचालक राजेन्द्र कटारा ने भी देहदान एवं अंगदान का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री की ओर से संकल्पकर्ताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
प्रोजेक्ट दधीचि के तहत आरटीओ आशीष देवांगन एवं उनकी पत्नी एकता देवांगन, जनसंपर्क विभाग के सहायक संचालक सचिन शर्मा एवं उनकी पत्नी सोनल शर्मा, तहसीलदार प्रवीण परमार, राममूर्ति दीवान, सौरभ कश्यप, डीपीएम मनीष कुमार मेजरवार, डॉ. प्रीति नारायण सहित अन्य अधिकारियों और नागरिकों ने भी देहदान एवं अंगदान का संकल्प लिया।
‘मृत्यु के बाद भी जीवन’ की भावना पर आधारित प्रोजेक्ट दधीचि का उद्देश्य देहदान और अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। देहदान से चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को मानव शरीर के अध्ययन के लिए महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है, जबकि अंगदान जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में मदद कर सकता है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी एवं प्रबोध मिंज, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, संभागायुक्त श्याम धावड़े, स्वास्थ्य विभाग के संचालक संजीव कुमार झा, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित प्रशासनिक अधिकारी, सेना एवं अर्धसैनिक बलों के अधिकारी-जवान और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
