Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

अवैध रेत कारोबार पर बड़ी कार्रवाई: 1740 घनमीटर रेत और 2 हाईवा जब्त

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेशभर में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार तेज हो गई है। राज्य शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विभागीय टीम रात्रिकालीन गश्त, औचक निरीक्षण, छापेमार कार्रवाई और ड्रोन तकनीक के जरिए अवैध गतिविधियों पर नजर रख रही है।

खनिज साधन विभाग के सचिव और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनि उड़नदस्ता तथा जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने आरंग तहसील के ग्राम कागदेही में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान समोदा-कागदेही मार्ग और आर्या पेट्रोल पंप के दक्षिण दिशा स्थित फॉरेस्ट नर्सरी के पास बिना अनुमति बड़ी मात्रा में साधारण रेत का अवैध भंडारण मिला।

जांच में छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम 2009 के उल्लंघन की पुष्टि होने पर खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 1740 घनमीटर रेत जब्त की गई।

जब्त रेत को नगर पंचायत समोदा के पार्षद देवेंद्र कुमार साहू के सुपुर्द किया गया। वहीं कार्रवाई के दौरान अवैध रेत परिवहन में लगे दो हाईवा वाहनों को भी जब्त कर आरंग थाना परिसर में खड़ा कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *