Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर माओवादियों का बड़ा डंप बरामद, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक जब्त

जगदलपुर। ओडिशा के मलकानगिरी जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। डिस्ट्रिक्ट वॉलंटियर फोर्स (DVF) ने बुधवार तड़के ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे वन क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाकर माओवादियों का एक बड़ा डंप बरामद किया। डंप से हथियार, आईईडी, क्लेमोर माइन और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई है।

जानकारी के मुताबिक, आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से पूछताछ के आधार पर DVF की टीम ने मथिली थाना क्षेत्र के चेरकोटला, किर्मिती, कोटवापादर और कडाभाटा के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। यह इलाका छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के दरभा थाना और सुकमा जिले के पुषपाल थाना क्षेत्र से सटा हुआ है। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने तीन देसी बंदूकें, 5 किलो, 3 किलो और 2 किलो वजन के कई आईईडी, दो क्लेमोर माइन, कोडेक्स वायर, माओवादी बैनर समेत बड़ी मात्रा में अन्य सामान बरामद किया है।

बरामद सामग्री को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है। बता दें कि ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा का यह इलाका लंबे समय से माओवादी गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहा है। ऐसे में डंप की बरामदगी को सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। इलाके में सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *