Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

NEET-2026 परीक्षार्थियों के लिए रेलवे की बड़ी सौगात, चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

बिलासपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष रेल सेवाओं की घोषणा की है। परीक्षा के दौरान संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए स्पेशल मेमू ट्रेनों का संचालन, हसदेव एक्सप्रेस का अस्थायी विस्तार तथा विभिन्न ट्रेनों में अतिरिक्त जनरल कोच लगाए जाएंगे।

कोरबा-दुर्ग के बीच चलेंगी स्पेशल मेमू ट्रेनें
रेलवे द्वारा 20 और 21 जून को कोरबा-दुर्ग-कोरबा के बीच विशेष मेमू पैसेंजर ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। ये ट्रेनें चांपा, जांजगीर-नैला, अकलतरा, बिलासपुर, भाटापारा, तिल्दा-नेवरा, रायपुर और भिलाई पावर हाउस सहित सभी प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी।

छिंदवाड़ा-इतवारी स्पेशल ट्रेन भी चलेगी
21 जून को छिंदवाड़ा से नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी के लिए विशेष मेमू पैसेंजर ट्रेन चलाई जाएगी। इससे मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र के परीक्षार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।

हसदेव एक्सप्रेस का दुर्ग तक अस्थायी विस्तार
NEET अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 21 जून को 18250 कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस को दुर्ग तक चलाया जाएगा। वहीं 18251 रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस दुर्ग से प्रारंभ होकर कोरबा तक संचालित होगी।

कई ट्रेनों में लगाए जाएंगे अतिरिक्त जनरल कोच
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए हसदेव एक्सप्रेस, रीवा एक्सप्रेस, टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस और टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में 2 से 7 अतिरिक्त सामान्य श्रेणी (जनरल) कोच लगाए जाएंगे।

परीक्षार्थियों से रेलवे की अपील
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने NEET-2026 परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों से इन विशेष रेल सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारिणी और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से अवश्य जांच लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *