Home
🔍
Search
➕
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को रंगे हाथ दबोचा, 20 लाख की प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद

बिलासपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ी में दबिश दी। पुलिस ने यहां से पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित प्रॉक्सिको स्पास कैप्सूल और अल्प्राविन टैबलेट के 4750 नग बरामद किए गए हैं। जब्त नशीली दवाओं का कुल वजन 2,495.64 ग्राम है। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई है।

पुलिस के मुताबिक, एसीसीयू बिलासपुर को सूचना मिली थी कि ग्राम गुड़ी निवासी उग्रसेन लोनिया अपने पुत्र मुकेश लोनिया और रिश्तेदार परमेश्वर लोनिया के साथ मिलकर दूसरे राज्यों से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं लाकर उनकी बिक्री की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर एसीसीयू और सीपत पुलिस की संयुक्त टीम ने उग्रसेन के घर पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान पुलिस को तीनों आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीले कैप्सूल और टैबलेट मिले। पुलिस का कहना है कि इन दवाओं को रखने या बेचने के संबंध में आरोपियों के पास कोई वैध दस्तावेज अथवा चिकित्सकीय पर्चा नहीं मिला। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 22(सी) और 29 के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कुमार लोनिया इससे पहले भी नारकोटिक्स एक्ट की धारा 21 और 22 के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। अब पुलिस नशीली दवाओं के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *