
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप रायपुर जिला प्रशासन की ओर से शुरू किए गए अभिनव अभियान ‘प्रोजेक्ट आओ बांटे खुशियां’ के तहत शासकीय अधिकारी-कर्मचारी अपने जन्मदिन को सामाजिक सरोकार से जोड़ रहे हैं। अधिकारी-कर्मचारी शासकीय स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के साथ जन्मदिन मनाकर उनके बीच खुशियां बांट रहे हैं।
इसी कड़ी में जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मिथलेश चौधरी ने अपना जन्मदिन आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-02, गांधी नगर, अश्वनी नगर में बच्चों के साथ मनाया। उन्होंने बच्चों के साथ केक काटा और सहपरिवार न्योता भोज का आयोजन किया।
इस दौरान डॉ. चौधरी ने बच्चों को केक, फल, चॉकलेट, ड्राइंग बुक और पेंसिल भेंट की। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और उनसे आत्मीयता से बातचीत भी की।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में संचालित ‘प्रोजेक्ट आओ बांटे खुशियां’ का उद्देश्य जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को सामाजिक सहभागिता और सेवा से जोड़ना है। अभियान के जरिए शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को जरूरतमंद और वंचित बच्चों के बीच खुशियां साझा करने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिल रहा है।
जिला प्रशासन की यह पहल जन्मदिन को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित रखने के बजाय समाज और बच्चों के साथ खुशियां साझा करने का माध्यम बनाने का संदेश दे रही है।
