Home
🔍
Search
➕
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ टैक्स टेक समिट 2026: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने की बार रूम की घोषणा, GST सुविधाओं के विकास पर हुई विस्तृत चर्चा

दुर्ग। छत्तीसगढ़ टैक्स बार काउंसिल के तत्वावधान में और दुर्ग टैक्स बार एसोसिएशन की मेजबानी में आज, शनिवार 24 अक्टूबर 2026 को दुर्ग में ‘छत्तीसगढ़ टैक्स टेक समिट 2026’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण शिखर सम्मेलन में कर प्रणाली, विशेषकर जीएसटी में तकनीकी प्रगति पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जीसैट (जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण) प्रिंसिपल बेंच, नई दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. जस्टिस (सेवानिवृत्त) संजय कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई।

इसके अतिरिक्त, जीसैट रायपुर बेंच के तकनीकी सदस्य सतीश कुमार अग्रवाल और वरिष्ठ अधिवक्ता एम.सी. जैन भी बतौर विशिष्ट अतिथि मंचासीन थे। समिट के दौरान सभी माननीय मंत्रियों और सम्मानित अतिथियों ने उपस्थित कर सलाहकारों और अधिवक्ताओं को संबोधित किया। अपने उद्बोधन में वक्ताओं ने समय के साथ जीएसटी सुविधाओं में हुए निरंतर विकास, तकनीकी प्रगति और कर प्रणाली के सरलीकरण की दिशा में हो रही प्रगति पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव

छत्तीसगढ़ टैक्स बार काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष विवेक सारस्वत ने मंच से कर प्रशासन और शिक्षा के लिए कई दूरदर्शी सुझाव प्रस्तुत किए, जिनका सभी अतिथियों ने खुले मन से स्वागत किया और उन पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया:

बार रूम और ‘संवाद’ कार्यक्रम

वित्त मंत्री ओपी चौधरी को अधिवक्ताओं के लिए ‘बार रूम’ की स्थापना तथा करदाताओं और कर अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल के लिए ‘संवाद’ (एडवाइजरी मीट) आयोजित करने का सुझाव दिया गया।

एआई चैटबॉट

जीसैट के अध्यक्ष डॉ. जस्टिस संजय कुमार मिश्रा को जीसैट की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए एक उन्नत ‘एआई चैटबॉट’ सुविधा शुरू करने का सुझाव दिया गया।

जीएसटी और एआई पाठ्यक्रम

विधि मंत्री गजेंद्र यादव को एलएलबी पाठ्यक्रम में ‘जीएसटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई)’ के एक विस्तृत और व्यापक विषय को शामिल करने का महत्वपूर्ण सुझाव दिया गया।

इन सुझावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आयोजक काउंसिल द्वारा की गई ‘बार रूम’ की मांग को मंच से ही सहर्ष स्वीकार कर लिया और इसके लिए अपनी आधिकारिक पुष्टि प्रदान की। इस घोषणा का उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।

इससे पूर्व, कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। कार्यक्रम का कुशल संचालन एससी लेखवानी द्वारा किया गया। दुर्ग टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिलेश मिश्रा और प्रदेश महासचिव गोपाल कृष्ण तावनिया ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।

अतिथियों के उद्बोधन और सम्मान समारोह के पश्चात एक विशेष तकनीकी सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें हैदराबाद से पधारे मुख्य वक्ता सीए विजय श्रीनिवास कोठापल्ली ने नवीनतम कर प्रावधानों और तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की और उपस्थित सदस्यों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का समापन प्रदेश महासचिव गोपाल कृष्ण तावनिया द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *