Home
🔍
Search
➕
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने ली समय-सीमा फॉलो-अप बैठक, प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा

रायपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले के विभिन्न विभागों की समय-सीमा फॉलो-अप बैठक ली। बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और जन शिकायतों के निराकरण की गहन समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने कहा कि आने वाले दिनों में रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, समस्या समाधान शिविर जैसे आयोजन किए जाएंगे, जिसमें पूरा जिला प्रशासन समन्वय बनाकर कार्य करेगा।

कलेक्टर ने नगर निगम को निर्देशित करते हुए कहा कि शहर में लगे वाटर एटीएम को दुरुस्त किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शुद्ध पेयजल प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि राजधानी में कई स्थानों पर पैनिक बटन खराब होने की जानकारी मिली है, इसे पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम समन्वय बनाकर दुरुस्त करें, ताकि महिलाएं आपातकालीन स्थिति में इसका उपयोग कर सकें।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जो शासकीय इमारतें जर्जर हो गई हैं, उनका सर्वे कर उन्हें ध्वस्त करने की कार्यवाही की जाए। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत खाता सुधार की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को जल्द लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में एग्रीस्टेक की प्रगति की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी से स्कूलों में बंटने वाले पाठ्य पुस्तक एवं गणवेश की समीक्षा करते हुए समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर सहित जिले के सभी विभाग प्रमुख उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *