बिना तेल के भी बनेगी स्वादिष्ट सब्जी! कुकिंग ऑयल कम करने के ये 5 आसान तरीके बदल देंगे आपकी सेहत
अपनाएं हेल्दी लाइफस्टाइल!

डेस्क रिपोर्टर, रायपुर 16 मई 2026-
OIL Free Food Ke Super Tips – भारत समेत दुनिया के कई देशों में इन दिनों कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी हुई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होर्मुज स्ट्रेट में तनाव का असर पेट्रोल-डीजल से लेकर रसोई तक दिखाई देने लगा है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्रा ने देशवासियों से कुकिंग ऑयल की खपत कम करने की अपील की है। पीएम मोदी ने कहा कि कम तेल का उपयोग न सिर्फ देश की अर्थव्यवस्था के लिए फायदेमंद होगा, बल्कि लोगों की सेहत भी बेहतर बनेगी।
आजकल हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर लोग पहले से ज्यादा जागरूक हो रहे हैं। डॉक्टर भी ज्यादा तला-भुना और ऑयली खाना कम खाने की सलाह देते हैं, क्योंकि अधिक तेल वाला भोजन मोटापा, हाई कोलेस्ट्रॉल, ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ा सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या बिना तेल के भी स्वादिष्ट सब्जी बनाई जा सकती है? जवाब है—बिल्कुल।
अगर सही तरीके अपनाए जाएं, तो बिना तेल या बेहद कम तेल में भी सब्जियां स्वादिष्ट और हेल्दी बन सकती हैं। आइए जानते हैं ऐसे 5 आसान तरीके, जिनसे कुकिंग ऑयल की खपत कम की जा सकती है।
1. वॉटर सॉटे तकनीक अपनाएं
आमतौर पर सब्जी बनाने की शुरुआत तेल में प्याज और मसाले भूनने से होती है, लेकिन इसकी जगह पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे “वॉटर सॉटे” तकनीक कहा जाता है। इसमें पैन में थोड़ा पानी डालकर प्याज, अदरक, लहसुन और मसालों को धीमी आंच पर पकाया जाता है। जरूरत पड़ने पर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते रहें। इससे मसाले जलते नहीं और स्वाद भी बरकरार रहता है।
2. स्टीमिंग और उबालने का तरीका
लौकी, तोरी, गाजर, बीन्स, पालक और मिक्स वेज जैसी सब्जियां भाप में पकाने पर ज्यादा पौष्टिक बनती हैं। स्टीमिंग से सब्जियों के विटामिन और मिनरल्स काफी हद तक सुरक्षित रहते हैं। बाद में ऊपर से काली मिर्च, नींबू रस, हरा धनिया और भुना जीरा डालकर स्वाद बढ़ाया जा सकता है। यह तरीका वजन कम करने वालों के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है।
3. नॉन-स्टिक पैन का करें इस्तेमाल
अगर आप पूरी तरह बिना तेल के खाना नहीं बना पा रहे हैं, तो नॉन-स्टिक कुकवेयर अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें बहुत कम तेल में भी सब्जियां आसानी से पक जाती हैं और चिपकती नहीं हैं। एक या दो चम्मच तेल में पूरा खाना तैयार किया जा सकता है। इससे रोजाना इस्तेमाल होने वाले तेल की मात्रा काफी घट जाती है।
4. दही और टमाटर बेस्ड ग्रेवी बनाएं
ग्रेवी वाली सब्जियों में लोग अक्सर ज्यादा तेल डालते हैं ताकि सब्जी गाढ़ी और स्वादिष्ट बने। हालांकि इसकी जगह दही, टमाटर प्यूरी, बेसन, ओट्स पाउडर या नारियल दूध का इस्तेमाल किया जा सकता है। ये चीजें ग्रेवी को क्रीमी बनाती हैं और अतिरिक्त तेल की जरूरत कम कर देती हैं। खासकर शाही पनीर, मिक्स वेज और कढ़ी जैसी डिश में यह तरीका काफी उपयोगी साबित होता है।
5. डीप फ्राई छोड़ें, ग्रिलिंग और एयर फ्राइंग अपनाएं
आजकल एयर फ्रायर का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसमें बेहद कम तेल में कुरकुरी डिश तैयार की जा सकती है। वहीं ग्रिलिंग और रोस्टिंग जैसी तकनीकें भी हेल्दी कुकिंग के लिए बेहतर मानी जाती हैं। आलू टिक्की, कटलेट, पनीर और कई स्नैक्स बिना डीप फ्राई किए भी स्वादिष्ट बनाए जा सकते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि खाने में तेल की मात्रा धीरे-धीरे कम करने से शरीर पर सकारात्मक असर पड़ता है। इससे वजन नियंत्रित रहता है, दिल की सेहत बेहतर होती है और पाचन तंत्र भी मजबूत बनता है। ऐसे में अगर छोटी-छोटी कुकिंग आदतों में बदलाव किया जाए, तो परिवार की सेहत और रसोई दोनों का बजट सुधर सकता है।
