मुख्य चुनाव आयुक्त पर कार्रवाई की मांग : निर्वाचन कार्यालय घेरने निकले कांग्रेसी, बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़े, पुलिस से हुई झूमाझटकी

रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को बरसते पानी में कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन कार्यालय का घेराव करने के साथ ही पुतला दहन भी किया। प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने निर्वाचन कार्यालय के आसपास कई लेयर में बैरिकेडिंग की थी, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता तीन बैरिकेड तोड़कर कार्यालय के करीब पहुंच गए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी भी हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सामने पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोककर उन्हें आगे जाने से रोका। कांग्रेस का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। मतदाताओं के नाम अवैध तरीके से काटे और जोड़े गए, जिससे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सत्ताधारी पार्टी के इशारे पर काम करने का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का आरोप है कि चुनाव आयोग सत्ताधारी पार्टी के इशारे पर काम कर रहा है। कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची में अनियमितताओं की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसी मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। फिलहाल पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को निर्वाचन कार्यालय के मुख्य परिसर तक पहुंचने से रोक दिया है। कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन और कार्रवाई की मांग जारी है।
