रायपुर में बाढ़ का कहर : NDRF-SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, अब तक 239 लोगों को सुरक्षित निकाला

रायपुर। राजधानी रायपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत और बचाव अभियान चला रही है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और एसडीएम नंद कुमार चौबे के मार्गदर्शन में भाठागांव और चन्दनीडीह से अब तक 239 नागरिकों का रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए भाठागांव, चन्दनीडीह, दतरेंगा और काठाडीह में प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ ही राहत सामग्री और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

भाठागांव में 54 लोगों का रेस्क्यू
ग्राम भाठागांव में नायब तहसीलदार प्रवीण परमार और नगर निगम जोन क्रमांक-6 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव की मौजूदगी में बचाव अभियान चलाया जा रहा है। यहां 54 नागरिकों को सुरक्षित निकालकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक भवन, भाठागांव में ठहराया गया है। राहत शिविर में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए नाश्ता, भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है। वहीं केशरी बगीचा, बीजीआर पेट्रोल पंप और हरिओम नगर क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान जारी है।
चन्दनीडीह में 185 लोगों को सुरक्षित निकाला
ग्राम चन्दनीडीह में नायब तहसीलदार सौरभ कश्यप और नगर निगम जोन क्रमांक-8 के कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा की मौजूदगी में एनडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुटी है। यहां अब तक 185 नागरिकों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है।
काठाडीह में भी राहत-बचाव अभियान
ग्राम काठाडीह में एसडीएम नंद कुमार चौबे, एनडीआरएफ कमांडिंग ऑफिसर मेजर पवन जोशी और तहसीलदार रायपुर राममूर्ति दीवान की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रही है। प्रशासन के मुताबिक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। अधिकारियों और बचाव दलों की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत के अनुसार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
