Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
क्राइमछत्तीसगढ़

वन तस्करी के सिंडिकेट का भंडाफोड़ : तीन आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा, एमपी और हरियाणा तक फैला था लकड़ियों का अवैध कारोबार

रायगढ़। जिले के वन क्षेत्र से खैर एवं तेंदू प्रजाति के लड़कियों की कटाई और उनके अवैध भंडारण के एक बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। धोखाधड़ी, भारतीय वन अधिनियम और संगठित अपराध की गंभीर धाराओं के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह सिंडिकेट ओड़िशा, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश तक लकड़ियों की कटाई और तस्करी को अंजाम देता था।

जिला रायगढ़ के धरमजयगढ़, घरघोड़ा, तमनार वन परिक्षेत्र में ग्रामीणों को पैसों का लालच देकर उनसे पेड़ों की अवैध कटाई कराया जा रहा था। लकड़ियों को रोहित मित्तल अपने गढउमरिया स्थित गोदाम में डंप कर अपने सहयोगी मनीष अग्रवाल के साथ वाहन मालिक भरत कुमार मेश्राम और सलाउद्दीन खान के साथ इन बेसकीमती लड़कियों को हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों में अधिक मूल्य में ट्रांसपोर्टिंग के जरिए खपाया जा रहा था। आरोपियों ने लड़कियों की अवैध तस्करी को वैध दिखाने के लिए फर्जी तरीके से ट्रांसपोर्ट परमिट (टीपी) बनने और बड़ी चालाकी से राज्य के बाहर बेचकर मुनाफा कमा रहे थे।

इस इंटर स्टेट सिंडिकेट का वन विभाग रायगढ़ और जिला पुलिस रायगढ़ ने खुलासा किया है और सिंडिकेट में शामिल मुख्य आरोपी मनीष अग्रवाल, रोहित मित्तल और सलाउद्दीन खान के खिलाफ थाना जूमिल में धोखाधड़ी और वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर रिमांड पर भेजा गया। आरोपी भरत कुमार मेश्राम फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।

जानिए क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष मई में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना मिली थी कि थाना जूटमिल क्षेत्र अंतर्गत जामटीकरा (गढ़उमरिया) स्थित नरेश वल्द बजरंगलाल अग्रवाल सा. कबीर चौक रायगढ़ के गोदाम को रोहित मित्तल निवासी अग्रसेन कॉलोनी विकास नगर कोतरा रोड रायगढ़ द्वारा किराये पर लिया गया है। आसपास के वनक्षेत्रों से खैर एवं तेंदू प्रजाति के लकड़ियों को कटवाकर गढ़उमरिया स्थित गोदाम में ट्रैक्टर एवं पीकप के माध्यम से अवैध भंडारण किया गया था, जहां 05 मई 2025 को वन विभाग रायगढ़ की टीम ने गढ़उमरिया गोदाम में छापेमार कार्रवाई कर ट्रक क्रमांक सीजी 15 डी वी-7577 में लदा हुआ 42 नग तेंदू प्रजाति का लट्ठा 1.731 घन.मी. लोड था, जिसके साथ 01 नग वजन मशीन, 02 नग कुल्हाड़ी एवं 01 नग हथौड़ा एवं गोदाम में तेंदू एवं खैर प्रजाति के लट्ठा 146 नग 6.741 घन मीटर, जलाउ लकड़ी 09 चट्टा, कटर मशीन 01 नग को नरेश अग्रवाल के गोदाम ग्राम गढ़उमरिया में मौके पर जब्त किया गया था। रोहित मित्तल एवं उसके साथी लोग गोदाम से कहीं भाग गए थे। आरोपियों ने रेड टीम को लकड़ियों की ट्रासपोटिंग के संबंध में टीपी उपलब्ध कराया था।

उक्त टीपी पर जारीकर्ता वन परिक्षेत्र अधिकारी के हस्ताक्षर नही थे, जो प्रथम दृष्टिया फर्जी दस्तावेज प्रतीत हो रहा था। वन विभाग की जांच में एक बड़े और संगठित अपराध का मामला प्रतीत होने पर डीएफओ रायगढ़ ने वन क्षेत्रपाल संजय लकडा के माध्यम से 02 सितंबर 2026 को थाना जूमिल में 05 मई 2025 को जामटीकरा (गढ़उमरिया) स्थित रोहित मित्तल के गोदाम में जब्ती कार्रवाई की आगे विस्तृत जांच के लिए आवेदन दिया, जिस पर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 490/2026 धारा – 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2) 3(5) + 111 BNS एवं भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 42 सहपठित धारा 41, 52 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

मामले में आगे विस्तृत जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। टीम ने मयंक मिश्रा के नेतृत्व में आरोपियों के इस पूरे सिंडिकेट में भूमिका की तस्दीकी की। प्रारंभिक विवेचना में पता चला कि आरोपी रोहित मित्तल इस अवैध कारोबार में जामटीकरा (गढ़उमरिया) स्थित गोदाम को किराये पर लेकर लकड़ियों की अवैध तरीके से कटाई कराकर अपने बिजनेश पार्टनर मनीष अग्रवाल के साथ गोदाम में लकड़ियों की गोदाम में छिलाई आदि कराकर ट्रांसपोटर भरत मेश्राम और सलाउद्दीन खान के साथ दूसरे राज्यों में लकड़ियों की तस्करी कराई जा रही थी। कल छापेमारी कर तीन आरोपी रोहित मित्तल, मनीष अग्रवाल और सलाउद्दीन खान को हिरासत में लिया गया। विवेचना में हिरासत में लिए गए आरोपियों के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। भरत कुमार मेश्राम फरार है, मामले की विवेचना जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. रोहित मित्तल पिता सुभाष मित्तल सा. अग्रसेन कालोनी विकास नगर कोतरा रोड रायगढ़
  2. मनीष अग्रवाल पिता राधेश्याम अग्रवाल निवासी मकान नं 72/1, मुड़पार, बलौदाबाजार
  3. सलाउद्दीन खान पिता इलाउद्दीन खान निवासी सरसींवा जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़

वन विभाग ने गढ़उमरिया गोदाम में रेड मारकर ट्रक क्रमांक सीजी 15 डी वी-7577 में लदा हुआ 42 नग तेंदू प्रजाति का लट्ठा 1.731 घन.मी., 01 नग वजन मशीन, 02 नग कुल्हाड़ी एवं 01 नग हथौड़ा एवं गोदाम में तेंदू एवं खैर प्रजाति के लट्ठा 146 नग 6.741 घन मीटर, जलाउ लकड़ी 09 चट्टा, कटर मशीन 01 नग जब्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *