Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़राजनीति

कर्नाटक से लेकर नीट तक, भूपेश बघेल ने PM मोदी और भाजपा पर साधा निशाना

रायपुर। कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदले जाने का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इस पार्टी के शासन वाले राज्यों में लोग असंतुष्ट हैं. कांग्रेस पिछले 12 वर्षों से अराजकता और अनिश्चितता फैला कर अपने लिए अवसर तलाश रही है. इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ताश के पत्तों की तरह नेता फेंटते हैं और दूसरों को उपदेश देते हैं.

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उत्तराखंड का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा में हारे हुए उम्मीदवार को मुख्यमंत्री बनाया जाता है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का छोड़िये क्या हुआ क्या नहीं हुआ, हम जिस हाल में खुश हैं. प्रधानमंत्री पेट्रोल और डीजल के बारे में बताएं, पूरा हिन्दुस्तान त्रस्त है. खेती-किसानी का सीजन आ गया है, अब तक खाद और बीज का क्या हुआ? नीट परीक्षा का क्या हुआ? जब स्वीकार लिया गया है तो मंत्री का इस्तीफा क्यों नहीं ले रहे. सीबीएसई परीक्षा, नीट परीक्षा में गड़बड़ी, ये सारी गड़बड़ियां हो रही हैं, प्रधानमंत्री को इन गंभीर मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए.

रीलबाजी के लिए धमकाना-चमकाना उचित नहीं : पूर्व CM बघेल

नेताओं द्वारा सार्वजनिक मंचों से कर्मचारियों को अपमानित करने वाली घटनाएं नहीं रुकने पर कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने आंदोलन की चेतावनी दी है. इस पर भूपेश बघेल ने प्रतिक्रया देते हुए कहा कि सबका अपना मान-सम्मान होता है. गलत होने पर अनुशासन की कार्रवाई करें. लेकिन केवल रीलबाजी के लिए धमकाने-चमकाने का काम उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी मंत्री, विधायक की यही स्थिति है.

भूपेश ने भाजपा पर साधा निशाना

भाजपा पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि बीजेपी को दिन रात मेरे सपने आते हैं. दिन हो या रात हो मुझे ही टारगेट करते हैं. अच्छी बात है कि वह मुझे अपने प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखते हैं.

झारखंड राज्यसभा चुनाव, पूर्व CM बघेल बने ऑब्जर्वर

कांग्रेस ने झारखंड में होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए दो वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक नियुक्ति की है. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वरिष्ठ नेता अजय शर्मा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसे लेकर भूपेश बघेल ने कहा कि झारखंड में राज्यसभा के चुनाव हो रहे हैं, ऐसे में पार्टी ने मुझे और मेरे सहयोगी अजय शर्मा को ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी सौंपी है. यह एक बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने बताया कि वह अभी इसी सिलसिले में दिल्ली जा रहे हैं, इसके बाद वह सीधे रांची के लिए रवाना हो जाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *