Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नकली नोट छापने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने करीब साढ़े 6 लाख रुपये के नकली नोट बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी 500-500 रुपये के नकली नोट अपने घर में ही छाप रहा था। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नए बस स्टैंड इलाके में एक युवक बड़ी मात्रा में नकली नोट लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपये के बड़ी संख्या में नकली नोट बरामद हुए।

कर्ज की वजह से शुरू किया नकली नोट छापने का काम

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह घर में प्रिंटर और अन्य उपकरणों की मदद से नकली नोट छापता था। आरोपी ने बताया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था और जल्दी पैसे कमाने के लिए नकली नोट छापने का प्लान बनाया था।

पुलिस ने आरोपी के घर पर छापा मारकर नकली नोट छापने में इस्तेमाल किए गए उपकरण भी जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या उसके साथ कोई और भी शामिल है। फिलहाल, आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एसपी ने किया मामले का खुलासा

मामले में कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने बताया कि कोतवाली की टीम और क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में चल रहे एक काउंटरफिट करेंसी रैकेट का भंडाफोड़ किया है और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि 500-500 रुपए के नकली नोट आरोपी द्वारा प्रिंटर का इस्तेमाल कर तैयार किए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नोटों को आंशिक रूप से प्रिंट कर उपयोग में लाने की मंशा से तैयार रखता था। सिक्योरिटी थ्रेड जैसी सुरक्षा विशेषताओं को भी प्रिंटर के माध्यम से कॉपी करने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस ने करीब 6,54,000 रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है कि वह नकली नोटों को कहां और किस माध्यम से खपाने की कोशिश करता था तथा क्या इस मामले में कोई संगठित गिरोह या सप्लाई चेन शामिल है। इसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी पिछले 4–5 महीनों से इस गतिविधि में शामिल था और नशे का आदी भी है। कर्ज चुकाने और नशे की लत पूरी करने के लिए उसने यह रास्ता अपनाया। मामले में पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *