Home
🔍
Search
➕
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के नवाचारों और उपलब्धियों को मिलेगी प्रमुखता, तैयारियों की समीक्षा

रायपुर। आगामी मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की प्रमुख उपलब्धियों, नवाचारों और उत्कृष्ट पहलों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की तैयारी शुरू हो गई है। इस संबंध में शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले राष्ट्रीय सम्मेलन से जुड़े विषयों की समीक्षा के साथ एक्शन ट्रैकिंग एंड मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए कार्यों की प्रगति और गुणात्मक सुधारों का आकलन किया गया।

बैठक में मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के सचिवों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के नवाचारों और बेहतर कार्यप्रणाली को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य और पोषण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों और उनके सकारात्मक परिणामों की जानकारी निर्धारित समय-सीमा में तैयार करने को कहा, ताकि राज्य की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी तरीके से रखा जा सके।

आंगनबाड़ी केंद्रों में खिलौना बैंक की सराहना

बैठक में छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित खिलौना बैंक की पहल को विशेष रूप से सराहा गया। इस पहल के तहत लोग अपने बच्चों के पुराने खिलौने जमा करते हैं, जिनका उपयोग आंगनबाड़ी के बच्चों के मानसिक विकास और पोषण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए किया जाता है। इस अभिनव प्रयास के अंतर्गत अब तक एक लाख से अधिक खिलौने एकत्र किए जा चुके हैं।

विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों पर होगा मंथन

राष्ट्रीय सम्मेलन में विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण को केंद्र में रखते हुए चार प्रमुख सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विकसित भारत के लिए विशिष्ट प्राथमिकताओं और उद्देश्यों, आर्थिक विकास एवं राज्य के वित्त को मजबूत बनाने में खनन क्षेत्र की भूमिका, सुशासन में तकनीक के प्रभावी उपयोग तथा सड़क और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के लिए नए विचारों और बेहतर कार्यप्रणाली पर चर्चा होगी।

इसके अलावा स्वास्थ्य एवं पोषण, गैर-कृषि कार्यों में उर्वरकों के दुरुपयोग पर नियंत्रण, प्राकृतिक गैस के उपयोग को बढ़ावा देने और अंतरराज्यीय प्रतिस्पर्धा सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, कौशल विकास विभाग के सचिव बसवराजू एस., राजस्व विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, आदिम जाति विभाग के सचिव भूवनेश यादव, जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, गृह विभाग की सचिव नेहा तथा मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एवं आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *