Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

अवैध भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 142 हाइवा रेत जब्त

आरंग। क्षेत्र में अवैध रेत भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गुल्लू के पास भारी मात्रा में अवैध रेत का जखीरा बरामद किया है। राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई में कुल 142 हाइवा रेत जब्त की गई है, जिसे स्थानीय ग्राम पंचायत की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है।

प्रशासन को लंबे समय से क्षेत्र में रेत के अवैध डंपिंग की सूचना मिल रही थी। इसी कड़ी में अधिकारियों ने दो प्रमुख स्थानों पर दबिश दी। गुल्लू-अकोली मार्ग पर सुंदर नगर (भिलाई) निवासी प्रिंस जायसवाल की निजी जमीन पर लगभग 81 हाइवा खनिज रेत का अवैध भंडारण पाया गया। गुल्लू-देवरी मार्ग पर ही आरंग निवासी अविनाश अग्रवाल द्वारा अवैध रूप से डंप की गई लगभग 61 हाइवा रेत बरामद की गई।

जब्त की गई कुल 142 हाइवा रेत को तत्काल प्रभाव से ग्राम पंचायत गुल्लू के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध दस्तावेजों और रॉयल्टी पर्ची के रेत का भंडारण पूरी तरह गैर-कानूनी है और इस पर आने वाले समय में भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई

खनिज विभाग की इस कार्रवाई का नेतृत्व खनिज निरीक्षक प्रिया सिन्हा ने किया। टीम में मुख्य रूप से सुनील दत्त शर्मा (सुपरवाइजर), लुकेश वर्मा, तारकेश्वर वर्मा शामिल थे। खनिज निरीक्षक प्रिया सिन्हा ने कहा कि क्षेत्र में अवैध उत्खनन और भंडारण करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई रेत माफियाओं के खिलाफ एक चेतावनी है। शासन के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *