Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़राजनीति

पवन खेड़ा का मोदी सरकार पर निशाना, कहा- विवाद खड़े कर जनता के मुद्दे दबाए जा रहे

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने रायपुर में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार, भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। खेड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को देश को बताना चाहिए कि वे आखिर किससे नहीं डरते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, हम मोदी से एक लिस्ट चाहते हैं कि आप किससे नहीं डरते। चीन, पाकिस्तान, नेपाल… आखिर किससे नहीं डरते, यह देश को बताइए, तभी आपसे उम्मीद करेंगे। उन्होंने मोदी, सरकार और आरएसएस को कायर कहा। राम मंदिर में चोरी मामले में खेड़ा ने कहा, अयोध्या की लूट तो झांकी है, मथुरा काशी लूटना बाकी है।

चीन को लाल आंख दिखाने का दावा अब खोखला

खेड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा जिस चीन को लाल आंख दिखाने की बात कहकर सत्ता में आई थी, आज उसी चीन का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि चीन खुलकर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) का समर्थन कर रहा है और केंद्र सरकार की विदेश नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है।

मोदी सरकार विवाद पैदा कर रही

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर विवाद खड़े कर रही है, ताकि जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाया जा सके। स्मार्ट मीटर, रेत माफिया, महंगाई, बेरोजगारी और छात्रों की समस्याएं जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शुरू किया है, जिसके जरिए पार्टी देशभर के छात्रों और युवाओं की आवाज उठाएगी।

RSS और धार्मिक मुद्दों पर भी साधा निशाना

पवन खेड़ा ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे बयान समाज में तनाव पैदा करते हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि बुलडोजर की कार्रवाई की बात होती है तो क्या वही कार्रवाई सभी पर समान रूप से लागू होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। क्या मोहन भागवत, PMO के घर पर बुलडोजर चलेगा?

महंगाई और विदेश दौरों पर सवाल

खेड़ा ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के लगातार विदेश दौरों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इन यात्राओं से देश के हित में ठोस परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं।

मीडिया की भूमिका पर टिप्पणी

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि छत्तीसगढ़ का मीडिया निष्पक्ष माना जाता है। राष्ट्रीय मीडिया को भी निष्पक्ष पत्रकारिता से सीख लेनी चाहिए। मीडिया का दायित्व सत्ता से सवाल पूछना और जनता के मुद्दों को प्रमुखता देना है। प्रेसवार्ता के दौरान पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार की नीतियों पर कई सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस आने वाले समय में जनता, छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलन और अभियान चलाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *