Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
मध्य प्रदेश

दिग्विजय के बयान पर MP में सियासी घमासान, बीजेपी का तीखा पलटवार, बताया लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान

इंदौर। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा सुप्रीम कोर्ट को लेकर दिए गए बयान पर बीजेपी ने तीखा पलटवार किया है। बीजेपी नेताओं ने दिग्विजय सिंह की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इसे लोकतांत्रिक परंपराओं और न्यायपालिका के सम्मान से जुड़ा मामला बताया है।

दूसरों को दोष देना उचित नहीं

इंदौर में बीजेपी विधायक उषा ठाकुर ने दिग्विजय सिंह के बयान को असंसदीय बताते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए। यदि नामांकन पत्र में त्रुटि हुई है तो उसके लिए दूसरों को दोष देना उचित नहीं है।

सुप्रीम कोर्ट से स्वतः संज्ञान लेने की अपील

इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी दिग्विजय सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि देश की सर्वोच्च न्यायिक संस्था के प्रति इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है। उन्होंने दिग्विजय सिंह के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट से स्वतः संज्ञान लेने की अपील की।

मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और गरमाएगा

बीजेपी शहर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह की टिप्पणी सुप्रीम कोर्ट की अवमानना के समान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने खुद गलत फॉर्म भरकर अपना नामांकन निरस्त कराया और अब इसकी जिम्मेदारी दूसरों पर डाल रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि क्रॉस वोटिंग के डर से कांग्रेस में घबराहट का माहौल है। दिग्विजय सिंह के बयान को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और गरमा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *