Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

नकटी बुलडोजर कार्रवाई पर गरमाई सियासत, दीपक बैज बोले- गरीबों का घर तोड़कर विधायक कॉलोनी मंजूर नहीं

रायपुर। राजधानी से लगे नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, नकटी गांव में बनने वाले विधायक कॉलोनी सभी विधायकों को नहीं लेना चाहिए। इसके लिए कांग्रेस विधायकों ने सीएम को पत्र लिखा है। कांग्रेस के साथ भाजपा विधायकों से भी अपील है कि सीएम को पत्र लिखकर अन्य जगह विधायक कॉलोनी बनाने की मांग रखें। वहीं नकटी गांव में कार्रवाई को लेकर मंत्रियों और भाजपा विधायकों ने चुप्पी साध रखी है।

कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, नकटी गांव में 30-40 साल से लोग रह रहे थे। 29 जून को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर घरों को तोड़ दिया। इनमें 85 पीएम आवास और इंदिरा आवास को भी तोड़ा गया। ग्रामवासी अपने मकान को बचाने के लिए रोते रहे बिलखते रहे, लेकिन प्रशासन ने उनके घर तोड़ दिए। बैज ने कहा, विधायक कॉलोनी बनाने के लिए घरों को तोड़ा गया। क्या सरकार के पास जगह की कमी है? इतना बड़ा नया रायपुर है वहां पर्याप्त जगह है वहां बनाते तो गरीबों के घर नहीं टूटते।

25 सदस्य परिवार वाले एक कमरे में कैसे रहेंगे?

दीपक बैज ने सवाल उठाते हुए कहा, बारिश के पहले गरीब परिवारों को बेघर कर दिया गया। पुनर्वास करने से पहले सरकार ने वहां के लोगों से बातचीत क्यों नहीं की ? एक कमरे का मकान पुनर्वास के नाम पर लोगों को दिया गया है। 25 सदस्य परिवार वाले लोग एक कमरे के घर में कैसे रहेंगे? उन्होंने कहा, मैने खुद वहां जाकर परिस्थितियों को देखा और वहां के लोगों से बात की। जो घर प्रभावितों को दिए गए हैं उनमें मीटर लगा है, लेकिन वहां पर बिजली, पानी तक नहीं है। जो घर दिए गए हैं उनकी कीमत साढ़े पांच लाख और साढ़े आठ लाख है, इसका भुगतान कौन करेगा ?

किसी का घर तोड़कर विधायक कॉलोनी बनाना मंजूर नहीं : बैज

बैज ने कहा, नकटी गांव की कार्रवाई से पूरा प्रदेश सहम गया है। भय का माहौल है। किसी गरीब का घर तोड़कर विधायक और अधिकारियों के लिए घर बनाएंगे तो यह हमें मंजूर नहीं है। कांग्रेस विधायक चातुरी नंद और जनक ध्रुव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है कि किसी गरीब का आवास को तोड़कर हमें अपना आशियाना नहीं चाहिए। हमारे जनप्रतिनिधियों ने पत्र लिखकर एक मिसाल पेश की है। कांग्रेस के बाकी विधायकों से हमने अपील की है। भाजपा के विधायकों से भी हमने अपील की है कि उन्हें ये घर नहीं लेना चाहिए।

भाजपा विधायक और सांसद ने ग्रामीणों को किया गुमराह

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा, कार्रवाई में छोटे-छोटे बच्चों की साइकिल, पढ़ाई की किताबें सब तोड़फोड़ में दब गई। भाजपा के विधायक और सांसद ने लोगों को गुमराह किया कि हम आपका आवास नहीं टूटने देंगे। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि जिनका आवास सरकार ने तोड़ा है सरकार को उनसे माफी मांगनी चाहिए और उन्हें मुआवजा देकर उसी जगह पर नया आवास बनाकर देना चाहिए। उन्होंने कहा, नकटी गांव में कई उद्योगपतियों और चहेतो की जमीन है उन्हें फायदा पहुंचाने के लिए प्रोजेक्ट लाया जा रहा है। क्या सरकार वहां पर पूरी जमीन का सीमांकन करेगी?

मंत्रियों ने कुछ भी कहने से किया इंकार, पुरंदर बोले – अनुज देंगे जवाब

नकटी प्रकरण पर मंत्री राम विचार नेताम, गजेंद्र यादव ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया, जबकि भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि इस पर विधायक अनुज शर्मा जवाब देंगे। हमने भाजपा विधायक मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा सहित अन्य विधायकों से भी फोन पर संपर्क किया, लेकिन फिलहाल उनसे संपर्क नहीं हो पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *