Home
🔍
Search
➕
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

भारत की जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, रायपुर में द्वितीय चरण के जनसंख्या गणना का प्रशिक्षण शुरू

रायपुर। भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत रायपुर जिले में जनसंख्या गणना संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हो गया है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान करना तथा जनगणना कार्य के सुव्यवस्थित संचालन के लिए तैयार करना है।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जनगणना कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश एवं प्रदेश की विकास योजनाओं, नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए जनगणना का प्रत्येक कार्य पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और सटीकता के साथ किया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझें तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं सावधानी के साथ करें

प्रशिक्षण कार्यक्रम को ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के लिए दो अलग-अलग बैचों में आयोजित किया गया है। प्रथम बैच में ग्रामीण चार्ज से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण 26 एवं 27 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जा रहा है। वहीं द्वितीय बैच में नगरीय चार्ज से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 28 एवं 29 अक्टूबर 2026 को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बैठक में रायपुर निगम आयुक्त संबित मिश्रा तथा एडीएम एवं जिला जनगणना अधिकारी उमाशंकर बंदे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *