Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
Breaking Newsछत्तीसगढ़

रायपुर अधिवक्ता संघ चुनाव 2026: दिनेश कुमार देवांगन बने अध्यक्ष, राकेश पुरी सचिव निर्वाचित

रायपुर। रायपुर अधिवक्ता संघ चुनाव 2026 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। चुनाव में दिनेश कुमार देवांगन ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। वहीं राकेश पुरी सचिव निर्वाचित हुए हैं। इसके साथ ही संघ की नई कार्यकारिणी भी घोषित कर दी गई है। बता दें कि चुनाव परिणाम देर रात तक चली मतगणना के बाद घोषित किए गए।

मतगणना शनिवार सुबह 10 बजे स्ट्रांग रूम की सील खोलने के साथ शुरू हुई। निर्वाचन टीम और प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतपेटियां खोली गईं। कुल 2337 मतपत्र प्राप्त हुए। स्क्रीनिंग और प्रोजेक्टर के माध्यम से वोट दिखाने की प्रक्रिया के कारण मतगणना की रफ्तार धीमी रही। पहला परिणाम रात 11:24 बजे घोषित किया गया।

कार्यकारिणी सदस्य पद के परिणाम

कार्यकारिणी सदस्य पद पर योगीराज वर्मा को 851 वोट, अविजित त्रिपाठी को 781 वोट, विवेक मिश्रा को 675 वोट, आकाश जसूजा को 672 वोट और आकाश सोनी को 622 वोट प्राप्त हुए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राम नारायण व्यास ने परिणामों की घोषणा की।

घोषित परिणामों के अनुसार गुणेश निर्मलकर सह सचिव तथा नेहा राठौर सह सचिव (महिला) निर्वाचित हुई हैं। ग्रंथालय सचिव पद पर महेंद्र देवांगन और सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव पद पर योगेश साहू ने जीत दर्ज की है। महिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में योगिता धुरंधर और अमृता दीक्षित निर्वाचित हुई हैं।

मतगणना के दौरान मौसम ने भी व्यवधान डाला। शाम के समय तेज आंधी और बारिश के साथ बिजली गुल हो गई, जिससे कुछ समय के लिए मतगणना प्रभावित हुई। बाद में निर्वाचन टीम ने इमरजेंसी लाइट की व्यवस्था कर मतगणना दोबारा शुरू कराई।

निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक कुल छह मतपेटियों में वोट डाले गए थे। पेटी नंबर 1 में 301, पेटी नंबर 2 में 271, पेटी नंबर 3 में 382, पेटी नंबर 4 में 383, पेटी नंबर 5 में 637 और पेटी नंबर 6 में 363 मत प्राप्त हुए।

बता दें कि रायपुर अधिवक्ता संघ के 18 विभिन्न पदों के लिए चुनाव कराया गया था। मतदान 15 मई को संपन्न हुआ था, जबकि 16 मई को परिणाम घोषित किए गए। इस बार चुनावी मैदान में कुल 66 प्रत्याशी उतरे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *