Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

रायपुर निगम में बवाल: भाजपा पार्षदों ने अपने ही जोन अध्यक्ष सचिन मेघानी के खिलाफ खोला मोर्चा, पद से नहीं हटाने पर दी तालाबंदी कर प्रदर्शन की चेतावनी

रायपुर। रायपुर नगर निगम ज़ोन-10 के 6 भाजपा पार्षदों ने अपनी ही पार्टी के ज़ोन अध्यक्ष सचिन मेघानी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्षदों ने एकजुट होकर महापौर मीनल चौबे समेत पार्टी नेताओं को एक लिखित शिकायत सौंपी है, जिसमें सचिन मेघानी को पद से तत्काल हटाने की मांग की गई है। पार्षदों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो वे ज़ोन कार्यालय में तालाबंदी कर उग्र धरना-प्रदर्शन करेंगे।

पार्षदों का ज़ोन अध्यक्ष पर गंभीर आरोप

शिकायतकर्ता पार्षदों ने ज़ोन अध्यक्ष सचिन मेघानी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्षदों का कहना है कि मेघानी लगातार दूसरे वार्डों के मामलों में हस्तक्षेप कर रहे हैं। इसके अलावा, उन पर अवैध निर्माण को संरक्षण देने और निगम के अधिकारियों पर कार्रवाई न करने का दबाव बनाने के भी आरोप हैं।

भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक

पार्षदों की नाराजगी की सबसे बड़ी वजह बोरियाकला में एक अवैध अस्पताल पर होने वाली निगम की कार्रवाई को रुकवाना बताया जा रहा है। इस मुद्दे पर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच करीब 2 घंटे तक एक बंद कमरे में बैठक हुई। चूंकि सचिन मेघानी को रायपुर के दिग्गज भाजपा नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल का बेहद करीबी माना जाता है, इसलिए इस पूरे मामले ने शहर की सियासत में भारी गरमाहट ला दी है।

महापौर मीनल चौबे ने क्या कहा

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि ज़ोन अध्यक्ष को हटाने के संबंध में पार्षदों का एक मांग पत्र मुझे प्राप्त हुआ है। इस पूरे मामले में विचार होगा कि क्या कर सकते हैं।

ज़ोन अध्यक्ष सचिन मेघानी ने दी सफाई

ज़ोन अध्यक्ष सचिन मेघानी ने सफाई देते हुए कहा कि मेरे खिलाफ किस तरह का पत्राचार हुआ है, फिलहाल मुझे इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं है। मैं इस विषय में भाजपा संगठन, जिलाध्यक्ष और महापौर से सीधा संवाद करूंगा। संगठन मुझसे जो भी स्पष्टीकरण या जानकारी मांगेगा, मैं उसे देने के लिए तैयार हूँ। ज़ोन के सभी सातों पार्षद आपस में एक परिवार की तरह हैं। मुझे लगता है कि विरोधी दल हमारे बीच मनमुटाव पैदा करने की कोशिश कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *