Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

सिम्पलेक्स कास्टिंग्स विवाद: एमडी संगीता शाह ने पुलिस अफसर पर लगाए गंभीर आरोप

रायपुर। करोड़ों की जमीन से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में सिम्पलेक्स कास्टिंग्स की एमडी संगीता केतन शाह और उनके पति केतन शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है. गिरफ्तारी की लटक रही तलवार के बीच संगीता शाह ने पुलिस अधिकारी विशाल सोन पर ब्लैकमेलिंग कर कंपनी की चल-अचल संपत्ति को हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया है.

सिम्पलेक्स कास्टिंग्स की एमडी संगीता केतन शाह ने अखबार में जारी आम सूचना के माध्यम से बताया कि वर्तमान में जिला दंतेवाड़ा में पदस्थ विशाल सोन वर्ष 2013-14 में दुर्ग जिले में बतौर थाना प्रभारी पदस्थ थे. इस दौरान उनकी जान-पहचान हुई. कंपनी क्षेत्र के अधीनस्थ पुलिस अधिकारी होने के कारण आना-जाना बढ़ गया. इस दौरान उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से व्यक्तिगत परिचय का हवाला देते हुए वैशाली नगर विधान सभा क्षेत्र से भाजपा टिकट दिलाने का आश्वासन दिलाया.

संगीता शाह ने बताया कि कई बार टिकट दिलाने के नाम से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मिलने के नाम पर मुझसे पैसे लिए, यही नहीं भरोसा जितने के लिए चुनाव के दौरान फर्जी मेडिकल लीव लगाकर अपनी ड्यूटी से छुट्टी भी ली थी. सरकारी पद पर होने के बाद भी चुनाव का संचालन किया, और रैली में साथ में चुनाव का प्रचार-प्रसार में भी शामिल रहा.

उन्होंने बताया कि कंपनी में आने-जाने के कारण उसे कंपनी की कई अदरूनी विवादों की जानकारी हो गयी थी, जिसका फायदा उठाते हुए अपने पद और पहचान का उपयोग कर मुझसे कंपनी के सभी विवादों का निराकरण कराने का भरोसा दिलाया. लेकिन विशाल सोन ने अपने घनिष्ठ लोगों के साथ मिलकर कंपनी के चल-अचल संपत्तियों को हड़पने के लिए जमीन कारोबारी, सिविल ठेकेदार, पुलिस अधिकारियों एवं अन्य अपने परिचित लोगों साथ मिलकर साजिश करना प्रारंभ किया.

संगीता शाह ने आरोप लगाया कि सोन ने साजिश के तहत कंपनी की पुलगांव स्थित भूमि, कोहका जुनवानी स्थित भूमि, कमर्शियल काम्पलेक्स, कंपनी वाहन एवं कंपनी की अन्य चल-अचल संपत्तियों को धोखाधड़ीपूर्वक अपने कब्जे में करने के लिए विवादित किया. इसकी जानकारी होने पर मैने 6 फरवरी 2026 को पूरे तथ्यों के साथ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी, लेकिन शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई.

संगीता शाह ने आरोप लगाया कि विशाल सोन जान पहचान बड़े-बड़े अधिकारियों, नेताओं एवं मंत्रियों से होने का हवाला देते हुए कंपनी को बंद करवाकर रोड पर लाने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल कर रहा है, जिसकी वजह से वह शारीरिक एवं मानसिक परेशानियों से गुजरते हुए घर-परिवार से अलग रह रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *