Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

21 से 23 अगस्त तक लगेगी विशेष लोक अदालत, लंबित मामलों का होगा निपटारा

रायपुर। न्याय को सरल, सुलभ और आमजन तक पहुंचाने तथा आपसी सहभागिता और सहमति के माध्यम से न्याय की भावना को साकार करने के उद्देश्य से सुप्रीम कोर्ट द्वारा ‘समाधान समारोह-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 से हुई है, जबकि इसका समापन 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के साथ होगा।

विशेष लोक अदालत में तीन दिनों तक लंबित मामलों की होगी सुनवाई

विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वोच्च न्यायालय परिसर में 21, 22 और 23 अगस्त को होगा, जिसमें सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court) में लंबित मामलों को शामिल किया जाएगा। विशेष लोक अदालत से पूर्व सुलह बैठकों का आयोजन राज्य, जिला, तालुका, उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं समिति स्थित मध्यस्थता केंद्रों में किया जाएगा। पक्षकार इन सुलह-प्रयास के लिए बैठकों एवं वार्ताओं में सशरीर अथवा आभासी (ऑनलाइन) रूप से शामिल हो सकते हैं। इस समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) के आयोजन का लक्ष्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का सुलह एवं आपसी सहमति से निष्पादन करना है।

अधिवक्तागण, वादकारियों तथा अन्य सभी संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय रूप से भागीदारी करने के लिए आमंत्रित किया गया है। 21 अप्रैल को हुए समाधान समारोह में आपसी सहमति एवं वार्ता के माध्यम से समाधान तलाशने का प्रयास किया गया। इन सुलह बैठकों का आयोजन राज्य, जिला, तालुका, उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं समिति स्थित मध्यस्थता केंद्रों में किया गया, जिसमें प्रशिक्षित मध्यस्थों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिवों ने पक्षकारों की मदद की।

ऐसे करें आवेदन

सुप्रीम कोर्ट में लंबित अपने मामले को ‘समाधान समारोह-2026’ की विशेष लोक अदालत में शामिल कराने के लिए एक गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। इच्छुक पक्षकार इस फॉर्म को भरकर अपने मामले को विशेष लोक अदालत के लिए पंजीकृत करा सकते हैं। यह गूगल फॉर्म सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट www.sci.gov.in पर उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *