Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

सरकारी राशन दुकान में सेंधमारी, ताला तोड़कर 26 क्विंटल चावल और इलेक्ट्रॉनिक कांटा ले उड़े चोर

कवर्धा। जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बानो में चोरों ने शासकीय उचित मूल्य दुकान को निशाना बनाते हुए गरीबों के हक पर ही हाथ साफ कर दिया। अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब 53 कट्टा यानी 26 क्विंटल सरकारी चावल और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 75 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बीती रात अज्ञात चोरों ने राशन दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा सरकारी चावल और इलेक्ट्रॉनिक कांटा पार कर दिया। सुबह जब रोज की तरह सोसायटी संचालक दुकान पहुंचे तो ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि 53 कट्टा चावल और इलेक्ट्रॉनिक कांटा गायब है।

इसके बाद संचालक ने तत्काल मामले की जानकारी विभागीय अधिकारियों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार अन्नपूर्णा योजना के तहत गरीब परिवारों को निशुल्क चावल उपलब्ध कराती है ताकि कोई भी जरूरतमंद भूखा न सोए। लेकिन बानो गांव में चोरों ने गरीबों के हिस्से का राशन ही चोरी कर लिया, जिससे ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *