Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

वेदांता पावर प्लांट हादसा : कांग्रेस जांच कमेटी दौरा; दीपक बैज ने कहा-

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस बीच आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जांच कमेटी प्लांट पहुंची। इस हादसे को लेकर उन्होंने प्लांट के 11 साल पुराने प्लांट के संचालन, क्षमता से अधिक उत्पादन करने और सुरक्षा में भारी लापरवाही जैसे कई गंभीर सवाल उठाए।

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि इस प्लांट को सबसे पहले एथेना ने किसानों से जमीन लेकर पावर प्लांट तैयार किया और पूरा स्ट्रक्चर खड़ा किया। सभी काम लगभग पूरा करने के बाद, करीब 11 साल बाद वेदांता ने इस प्लांट को खरीदा और उसके बाद यह पावर प्लांट चालू हुआ। सवाल यह है कि लगभग 11 साल का जो गैप था, क्या वह एक बड़ा गैप नहीं है? जब प्लांट एक साल पहले शुरू हुआ, उससे पहले इसकी कमीशनिंग ठीक से हुई थी? कमीशनिंग से पहले इतने लंबे समय से खड़े स्ट्रक्चर की पूरी तरह से जांच की गई थी या नहीं?

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यहां प्रेशर सिस्टम की रीडिंग की गई थी? जो यहां पर सिस्टम चलती है, वह प्रेशर सिस्टम सही से काम कर रही थी या नहीं? क्या यहां का जलस्तर ठीक-ठाक था? कहीं जंग तो नहीं लगा था? कहीं बॉयलर में क्रैक तो नहीं था? और कहीं ऑयल लीकेज तो नहीं था? क्या थर्ड पार्टी से इसका इंस्पेक्शन कराया गया था?

ऐसे बहुत सारे सवाल हैं, जो हमारी टीम ने उठाए हैं और यह जांच का विषय है। आप देखेंगे कि पूरे प्रदेश में लगातार इस तरह के बॉयलर फटने और बड़े-बड़े प्लांटों में हादसे बढ़ते जा रहे हैं। इस तरह के हादसों में अब तक लगभग 300 से अधिक मजदूरों की मौत हो चुकी है।

दीपक बैज ने कहा कि इतने मजदूरों की मौत का जिम्मेदार कौन है, यह जांच का विषय है। क्या आगे इस तरह की घटनाएं नहीं रुकनी चाहिए? क्या मजदूरों की जान इतनी सस्ती हो गई है? कहीं यह बड़ी लापरवाही तो नहीं है? इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी चिंतित है। सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता कि किसी की मौत हो गई। लेकिन उस आम आदमी का परिवार पूरी तरह तबाह हो जाता है। इसलिए सवाल उठता है कि यह लापरवाही है या फिर हत्या है? इसकी जांच कौन करेगा?

इस जांच कमेटी में पीसीसी चीफ दीपक बैज के साथ नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित कई विधायक और कांग्रेस नेता मौजूद रहें।

हादसे में अब तक 20 मजदूरों की हो चुकी है मौत

बता दें कि मंगलवार को वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट हुआ था। इस हादसे में अब तक मृतकों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है, जबकि 15 लोगों का उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों में 5 लोग छत्तीसगढ़ के निवासी हैं, जबकि 15 मृतक अन्य राज्यों से हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *