Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
क्राइमछत्तीसगढ़

चाकू के साथ पकड़ाए युवक ने थाने में किया हंगामा, ब्लेड से खुद को किया घायल

बिलासपुर। सिविल लाइन थाने के लॉकअप में युवक ने ब्लेड से खुद को घायल कर लिया। उसे इलाज के लिए सिम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। युवक पर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश का आरोप लगाया जा रहा है, मामले की जांच की जा रही है।

बता दें कि जरहाभाठा क्षेत्र में शेख खलील डल्ला नाच कार्यक्रम चल रहा था, इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस ने एक युवक को चाकू के साथ पकड़ा। आरोपी को थाने लाया गया, जहां लॉकअप में उसने ब्लेड से खुद को घायल कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने दबाव बनाने की नीयत से यह कदम उठाया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रामा कुर्रे कार्यक्रम स्थल पर जेब में चाकू रखकर नाचते हुए पाया गया। तलाशी लेने पर उसके पैंट की जेब से एक चाकू बरामद हुआ। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया और लॉकअप में रखा गया। इसी दौरान उसकी परिचित महिला मधु तथा एक नाबालिग लड़का उससे मिलने पहुंचे थे। दोनों के मिलने के कुछ ही समय बाद शाम को आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखे ब्लेड के छोटे टुकड़े से अपने हाथ और सीने पर वार कर स्वयं को घायल कर लिया।

आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं कई मामले

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने ब्लेड का छोटा टुकड़ा अपने मुंह के किनारे छिपाकर रखा था और उसी का उपयोग कर उसने यह कृत्य किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी होश में है और उसने स्वयं यह स्वीकार किया है कि चोटें उसने खुद पहुंचाई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, आरोपी से मिलने आई महिला और उसके साथ आए नाबालिग की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *