Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज, 20 से ज्यादा जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में झुलसाने वाली गर्मी से फिलहाल राहत बनी हुई है. पिछले 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव को छोड़कर सभी स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रहा. गुरुवार को एक दो जगहों पर बारिश भी हुई, लेकिन इस दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई.  मौसम विभाग का पूर्वानूमान है कि अगले 5 दिनों में तेज हवा चलने, बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना बन रही है. इस दौरान तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में क्रमिक वृद्धि हो सकती है. वहीं आज सुबह 20 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है.

प्रदेश में गुरुवार को एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई. चरमा में 3 सेमी और गरियाबंद में 1 सेमी पानी गिरा. इस दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया.

मौसम विभाग ने आज सुबह 10 बजे तक 20 से अधिक स्थानों पर बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर, में बादल गरजने, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा (30-40 प्रति घंटे रफ्तार) और वर्षा की संभावना जताई गई है.

एक्टिव सिस्टम

मौमस विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण मध्य प्रदेश के मध्य भाग में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. दूसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण अंदरुनी उड़ीसा और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. तीसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी बिहार के ऊपर 1.5 किलोमीटर से 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. एक द्रोणिका दक्षिण मध्य प्रदेश से झारखंड तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है.

इन प्रणालियों के प्रभाव से 8 मई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गरज चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं. वहीं कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ अंधड़ और बिजली गिरने के आसार हैं. वहीं अधिकतम तापमान में हल्की उतार चढ़ाव के साथ कोई विशेष बदलाव नहीं होने की संभावना जताई गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *