Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

अब घर बैठे मिलेगा नया बिजली कनेक्शन, उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभाग की नई पहल

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की ओर से विद्युत उपभोक्ताओं के लिए नई सौगात दी गई है। बिजली विभाग ने नया कनेक्शन लेने के लिए बार-बार दफ्तर जाने से मुक्ति दिलाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया को पूरी तरह से सुगम बना दिया है। अब घर बैठे ही कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया जा सकता है। इस पहल का उद्देश्य प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा सरलता लाना है।

नया बिजली कनेक्शन के लिए ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन

डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने उपभोक्ताओं की सेवा में विस्तार करते हुए 1 अप्रैल 2026 से नवीन विद्युत कनेक्शनों की आवेदन प्रक्रिया को पूर्णतः ऑनलाइन करने की सुविधा प्रारंभ की है। अब लोगों को नवीन कनेक्शन के लिए विद्युत कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। नवीन कनेक्शनों के लिए ऑनलाइन आवेदन ‘मोर बिजली’ ऐप एवं सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) में कंपनी की वेबसाइट के माध्यम से भी किया जा सकता है। डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की वेबसाइट पर पंजीकृत ऑनलाइन नवीन कनेक्शनों के आवेदनों पर विद्युत कंपनी द्वारा आगामी कार्यवाही संपादित की जाएगी।

ऐसे आवेदक जो आवेदन ऑनलाइन न कर भौतिक रूप से वितरण केंद्र, जोन या उपसंभाग कार्यालय में प्रस्तुत करते हैं, उनके आवेदनों को ऑनलाइन कनेक्शन के लिए वितरण केंद्र/उपसंभाग/जोन कार्यालयों के हेल्प डेस्क में जिम्मेदार ऑफिस स्टाफ, कनिष्ठ अभियंता अथवा सहायक अभियंता द्वारा कार्यालय के कंप्यूटर सिस्टम में ऑनलाइन पंजीबद्ध किया जाएगा। आवेदन आवेदक के मोबाइल नंबर से ही ऑनलाइन पंजीकृत किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 1 अप्रैल 2026 से सभी नवीन विद्युत कनेक्शनों के आवेदन पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण रूप से ऑनलाइन ही की जाएगी। विभाग के अधिकारियों ने अपील करते हुए कहा है कि नवीन कनेक्शन के लिए विद्युत कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल एप्लिकेशन ‘मोर बिजली’ ऐप एवं सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) के माध्यम से अपना पंजीयन कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *